दिल्ली मेट्रो में इस सप्ताह की शुरुआत में एक महिला के सामने अभद्र व्यवहार करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अभिलाष कुमार के रूप में हुई। वह गुड़गांव के सेक्टर-22 में रहता है और करनाल का निवासी है।
file photoमहिला ने कई ट्वीट कर यह दावा किया कि बुधवार की रात जब वह मेट्रो ट्रेन से गुड़गांव लौट रही थी तो उसके सामने एक व्यक्ति ने अश्लील हरकत की। उसने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर आदमी की एक तस्वीर भी साझा की। डीएमआरसी को टैग करते हुए उसने अपने ट्विटर हैंडल से ग्रे जैकेट पहने और बैग लिए एक शख्स की फोटो भी शेयर की, जिसमें वह मेट्रो गेट के पास खड़ा नजर आ रहा है। पीड़िता ने कहा है कि वह गेट के पास दो सीटों वाली जगह पर बैठी हुई थी, जबकि यह शख्स उसके सामने खड़ा था।
लड़की ने बताया कि शाम को वह जॉब से घर लौट रही थी और मेट्रो के सातवें कोच के आखिर में लगी टू सीटर वाली सीट पर बैठी थी। सामने गेट के पास एक लड़का खड़ा था, जो चुपचाप लगातार उसकी तरफ देख रहा था। कुछ देर बाद वह लड़का पीछे मुड़ा और फिर लड़की के सामने पैंट की जिप खोल दी। लड़की को सेक्शुअली हैरेस करने लगा।
आरोपी ने सामने की तरफ अपना बैग लटका लिया था, ताकि और किसी को उसकी यह हरकत नजर ना आए। लड़की के मुताबिक, वह लड़का करीब एक मिनट तक वही हरकत करता रहा। लड़की मेट्रो के फ्लोर की तरफ देखने लगी। कुछ देर बाद लड़का मेट्रो के दरवाजे की तरफ मुड़कर खड़ा हो गया और फिर चुपचाप दूसरे कोच में चला गया। जिसके बाद केस दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू की गई।
दिल्ली महिला आयोग ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस और डीएमआरसी को नोटिस भेजा था। एक ट्वीट में डीएमआरसी ने बताया कि सुल्तानपुर मामले का संदिग्ध गिरफ्तार हुआ। उसने अपने कार्ड के लिए ऑनलाइन भुगतान किया था, जिसके जरिए उसकी पहचान हुई। (इंपुट: भाषा के साथ)