लाख कोशिशों के बाद भी देश में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिसका ताजा मामला एक बार फिर से देखने को मिला है। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के थाना बिनौली क्षेत्र के एक गांव में राष्ट्रीय स्तर की महिला निशानेबाज से छेड़छाड़ करने और विरोध पर उसके पिता के साथ मारपीट करने के आरोपी को बिनौली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
प्रतिकात्मक फोटोबिनौली थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह ने पीड़िता द्वारा की गई शिकायत के आधार पर मंगलवार को बताया कि क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती निशानेबाजी का अभ्यास करने बिनौली रेंज पर जाती थी। एक मनचला उसके साथ छेड़छाड़ करता था। परेशान होकर उसने गांव छोड़ दिया और मेरठ में अभ्यास करने लगी। वह तीन दिन पहले मेरठ से गांव में आई, तो आरोपी ने उसके साथ फिर छेड़छाड़ कर दी।
जिस से परेशान होकर पीड़िता ने यह बात अपने पिता को बताई तो आरोपी ने उसके पिता की उस समय पिटाई कर दी जिस समय वह खेत में फसलों की सिंचाई करने जा रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपी ने उसके भाई को भी जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद उसने बिनौली थाने में आरोपित के खिलाफ तहरीर दी।
थाना प्रभारी के अनुसार दर्ज तहरीर के आधार पर आरोपित सोनू पुत्र छोटू निवासी जौहड़ी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। (इंपुट: भाषा के साथ)