मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित कांग्रेस विधायक गोवर्धन सिंह दांगी का निधन हो गया है। वे कोरोना संक्रमित थे और उनका दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन की जानकारी मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट कर दी।
बताया गया है कि दांगी का भोपाल के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें मेदांता अस्पताल भेजा गया था। जहां उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलने के बाद दांगी के समर्थकों में शोक की लहर छा गई है। सभी को उम्मीद थी कि वे जल्द स्वस्थ होकर वापस लौटेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दांगी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष सैयद जाफर ने बताया है कि विधायक दांगी का मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था और उनका निधन हो गया है। वे कोरोना संक्रमित थे। सोमवार देर रात को दागी ने अंतिम सांस ली।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दांगी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक गोवर्धन सिंह दांगी के निधन का समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं। श्रद्धांजलि
मध्यप्रदेश की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक श्री गोवर्धन सिंह दांगी जी के निधन का समाचार मिला।
ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं। श्रद्धांजलि!
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) September 15, 2020
मध्य प्रदेश कांगेस ने अपने ट्वीट में लिखा, “मध्य प्रदेश की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक श्री गोवर्धन सिंह दांगी जी का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति प्रदान करें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति और साहस दें। “श्रद्धांजलि और नमन”
मध्यप्रदेश की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक श्री गोवर्धन सिंह दांगी जी का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया है।
ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति प्रदान करें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति और साहस दें।
“श्रद्धांजलि और नमन” pic.twitter.com/huky2AolTO
— MP Congress (@INCMP) September 15, 2020
वहीं, भाजपा नेता कैलाश विजय वर्गीय ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “ब्यावरा विधायक श्री गोवर्धन दांगी जी के निधन का दु:खद समाचार मिला। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे। ॐ शांति!”
ब्यावरा विधायक श्री गोवर्धन दांगी जी के निधन का दु:खद समाचार मिला। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे।
ॐ शांति!
— Kailash Vijayvargiya (@KailashOnline) September 15, 2020
बता दें कि, उनके निधन से ब्यावारा विधानसभा सीट खाली हो गई है। ऐसे में अब मध्य प्रदेश में कुल 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव आयोजित किए जाएंगे।