उत्तर प्रदेश के वाराणसी के बाद अब बस्ती में शनिवार (11 अगस्त) सुबह एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का लेंटर गिर गया है। फ्लाईओवर के गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। फ्लाईओवर के मलबे में दो लोगों के दबे होने की खबर है। जबकि चार मजदूर घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। जिले के डीएम और एसपी भी मौके ने मौके का मुआयना किया है।
हालांकि, जिलाधिकारी की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि घटना में एक ही शख्स घायल हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 8 बजे की है। जिलाधिकारी राजशेखर की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया है कि प्रशासन ने ठेकेदार और स्थानीय लोगों से बात की है जिसमें एक ही शख्स के घायल होने की खबर मिली है और राहत-बचाव का काम जारी है।
Lintel of a flyover on National Highway 28 collapsed in Basti earlier this morning. 4 people injured, 2 people trapped under the debris. Rescue operation is underway. pic.twitter.com/kZ4beCNIVC
— ANI UP (@ANINewsUP) August 11, 2018
रिपोर्ट के मुताबिक यहां एक चौराहे पर पिछले कुछ समय से फ्लाईओवर को बनाए जाने का काम चल रहा था। फ्लाईओवर का लेंटर डाला जा चुका था। बताया जा रहा है कि इसका काम लगभग पूरा हो गया था। लेकिन आज सुबह अचानक इसका एक हिस्सा बीच से भरभरा कर गिर गया। सुबह घटना होने के कारण यहां भीड़भाड़ नहीं थी, अन्यथा अधिक लोग हताहत हो सकते थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक धूप से बचने के लिए और रात में आराम से लिए कांवड़िए इस निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीच रहते थे। ऐसे में गनीमत यह रही कि 2 दिन पहले यह हादसा नहीं हुआ वरना जानमाल के लिहाज से बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल घायल हुए चार लोगों को अस्पतालों पहुंचाया गया है, जबकि नीचे दबे दो लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
बता दें कि फ्लाईओवर गिरने या सड़कें धंसने की लगातार घटनाएं हो रही हैं। इससे पहले वाराणसी में 15 मई को निर्माणाधीन फ्लाईओवर के गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए थे।