”जीते जी दवा, ऑक्सीजन, बेड और इलाज नहीं दिया, मरने के बाद कफन और जमीन भी नसीब नहीं हुआ”: गंगा नदी में शवों के मिलने पर भड़के लालू प्रसाद यादव; RJD नेता तेजस्वी यादव ने भी सरकार पर साधा निशाना

0

देशभर में तेजी से फैल रहे घातक कोरोना महामारी के बीच बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर गंगा नदी में मिले शवों को लेकर अब बिहार में सियासत तेज हो गई है। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने सरकार पर इस मामले को लेकर निशाना साधा है। लालू प्रसाद ने आरोप लगाया है कि जीते जी दवा, ऑक्सीजन, बेड और ईलाज नहीं दिया। मरने के बाद लकड़ी, दो गज कफ़न और ज़मीन भी नसीब नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के शवों को दफनाया जा रहा है।

गंगा नदी
फोटो: सोशल मीडिया

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से कुछ न्यूज़ पेपर के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, “जीते जी दवा, ऑक्सीजन, बेड और ईलाज नहीं दिया। मरने के बाद लकड़ी, दो गज कफ़न और ज़मीन भी नसीब नहीं हुआ। दुर्गति के लिए शवों को गंगा में फेंक दिया। कुत्ते लाशों को नोच रहे है। हिंदुओं को दफ़नाया जा रहा है। कहाँ ले जा रहे है देश और इंसानियत को??”

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा हैं। उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, “गंगा नदी, पटना में कई दिनों से लाशें बह रही है। सरकार नदारद है। गाँव-गाँव संक्रमण फैल चुका है। साधारण दवाएँ तक गाँवो में उपलब्ध नहीं है। गंगा में ऐसे लाशें बहेंगी तो बड़ी आबादी को संक्रमण का ख़तरा है। समय रहते उपाय और बचाव किया जाए।”

इससे पहले एक अन्य ट्वीट में तेजस्वी ने लिखा था, ”बिहार के बक्सर में सैकड़ों लाशें गंगा में तैरती मिली। कल्पना कीजिए हालात कितने भयावह है। सरकार अब भी जमीनी हकीकत को स्वीकार नहीं कर रही है। डबल इंजन सरकार फेल है इसलिए अब गांवों में भी संक्रमण फैल चुका है। अस्पताल क्या शमशानों में भी जगह नहीं। लोग लाशों को फेंकने पर मजबूर है।”

उल्लेखनीय है कि, बिहार के बक्सर जिले के चैसा में कई शवों को बरामद किया गया है। इसके बाद उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा पर गंगा नदी में जाल लगा दिया गया है। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हुई कि ये शव कोविड रोगियों के हैं। इस घटना के सामने आने के बाद आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया है। (इंपुट: IANS के साथ)

Previous article“वैक्सीन, ऑक्सीजन और दवाओं के साथ प्रधानमंत्री भी गायब; बचा है तो बस सेंट्रल विस्टा”: राहुल गांधी का पीएम मोदी पर निशाना
Next articleUPSC Civil Services Prelims 2021 Exam Postponed: कोरोना वायरस के बढ़ते मामले के बीच UPSC ने 27 जून को होनी वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा स्थगित की, अब 10 अक्टूबर को होगी परीक्षा; अधिक जानकारी के लिए upsc.gov.in को करे फॉलो