“मैं एक राजपूत महिला हूं, हड्डियां तोड़ती हूं”: ‘नाचने गाने वाली’ कहने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री पर कंगना रनौत का पलटवार; दीपिका, कैटरीना और आलिया का किया जिक्र

0

विवादित बयानों को लेकर मीडिया की सुर्ख़ियों में रहने वाली भाजपा समर्थक बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने शुक्रवार शाम को मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री सुखदेव पानसे की अपमानजनक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वह एक राजपूत महिला हैं जो हड्डियां तोड़ती हैं।

कंगना रनौत
फाइल फोटो

बता दें कि, मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री सुखदेव पानसे ने अपनी टिप्पणी में अभिनेत्री कंगना रनौत को “नाचने-गाने वाली” कहा था। पूर्व मंत्री ने कहा था कि नाचने-गाने वाली ने किसानों का अपमान किया और कांग्रेसजनों ने उसका विरोध किया तो पुलिस ने बल प्रयोग किया। पानसे के इस बयान का अब कंगना रनौत ने जवाब दिया है।

कंगना ने अपने ट्वीट में कहा कि जिसने भी ये कहा है कि वह मूर्ख है और जानता है मैं कोई दीपिका, कैटरीना या आलिया नहीं हूं। मैं केवल एक हूं जिसने आइटम नंबर करने से इनकार कर दिया, बड़े हीरो (खान / कुमार) की फिल्में करने से इनकार कर दिया। जिसने पूरे बुलीवुडिया गैंग के पुरुषों-महिलाओं को अपने खिलाफ कर लिया। मैं एक राजपूत महिला हूं, जो कमर नहीं हिलाती, मैं हड्डियां तोड़ती हूं।

कंगना रनौत का यह ट्वीट एक समाचार एजेंसी के उस ट्वीट के जवाब में आया, जिसमें लिखा था- ‘मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार में पूर्व मंत्री सुखदेव पानसे ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है, उन्हें नाचने-गाने वाली कहा है।’

 

दरअसल, कंगना मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के सारणी में फिल्म धाकड़ की शूटिंग के लिए आई थी, कंगना के किसानों को लेकर दिए गए बयान का कांग्रेस ने विरोध किया। जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया था और प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)

Previous articleटूलकिट मामले में गिरफ्तार दिशा रवि के समर्थन में उतरीं ग्रेटा थनबर्ग, उठाया मानवाधिकार का मुद्दा
Next articleदिल्ली BJP की उपाध्यक्ष शाज़िया इल्मी ने BSP के पूर्व सांसद के खिलाफ दर्ज कराई FIR, लगाया बदसलूकी का आरोप