जम्मू-कश्मीर पुलिस के दागी अधिकारी दविंदर सिंह को गुरुवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया, जिसे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक आतंकवादी मामले में गिरफ्तार किया था और बाद में आरोपपत्र दायर किया था। पुलिस उपाधीक्षक सिंह को बर्खास्त करने का आदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिया।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने संविधान के अनुच्छेद 311 के तहत सिंह को “तत्काल प्रभाव” से सेवा से बर्खास्त करने का आदेश दिया। जम्मू कश्मीर प्रशासन के सामान्य विभाग द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘तदनुसार, उपराज्यपाल इसके तहत श्री दविंदर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (निलंबित) को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त करते हैं।”
गौरतलब है कि, दविंदर सिंह को पिछले साल जनवरी में जम्मू कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जब वह प्रतिबंधित हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादियों को कश्मीर से जम्मू ले जा रहा था। मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने की थी और बाद में सिंह और अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था।
पिछले साल जम्मू में एक विशेष अदालत के समक्ष दायर एनआईए के आरोपपत्र के अनुसार जम्मू कश्मीर पुलिस की संवेदनशील अपहरण-रोधी इकाई में तैनात सिंह पाकिस्तान उच्चायोग में अपने हैंडलर के लगातार संपर्क में था। बाद में उसे वापस इस्लामाबाद भेज दिया गया था। सिंह पर एनआईए ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन को सहायता प्रदान करने का आरोप लगाया है। (इंपुट: भाषा के साथ)