इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय महिला टीम में शामिल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रिया पुनिया की मां का मंगलवार को कोरोना वायरस के कारण निधन हो गया। 24 वर्षीय बल्लेबाज प्रिया पूनिया ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के पर दी। क्रिकेटर ने इस घातक वायरस से अपनी मां के निधन के बाद सोशल मीडिया पर दिल को छू लेने वाला पोस्ट लिखा।
प्रिया पुनिया ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर मां के साथ कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा ‘‘आज मैंने महसूस किया कि आपने हमेशा मुझे मजबूत बनने के लिए क्यों कहा। आपको पता था कि एक दिन मुझे आपके जाने पर उस दुख से निपटने के लिए इसकी जरूरत पड़ेगी। मां आपकी कमी खलेगी। दूरी कितनी भी हो, मुझे पता है कि आप हमेशा मेरे साथ रहोगी। मेरा मार्गदर्शन करती मेरी मां… आपसे हमेशा प्यार करती रहूंगी। ’’
उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘जीवन की कुछ सच्चाई को स्वीकार करना मुश्किल होता है। आपकी याद कभी नहीं भुलाई जा सकती। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे मां। कृपया नियमों का पालन करें और एहतियात बरतें। यह वायरस काफी खतरनाक है।’’
भारतीय टीम 19 मई को मुंबई में जुटेगी और इसके बाद कड़े पृथकवास से गुजरेगी। भारतीय महिला और पुरुष टीमें जून के पहले हफ्ते में इंग्लैंड रवाना होंगी। महिला टीम इंग्लैंड में सात साल में पहला टेस्ट खेलने के अलावा तीन एक दिवसीय और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। प्रिया का चयन आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में हुआ है।
कोविड की वजह से भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी लेग स्पिनर पीयूष चावला, पूर्व पेसर आरपी सिंह और आईपीएल स्टार चेतन सकारिया ने अपने पिता को खो दिया। एक अन्य भारतीय महिला क्रिकेटर वेदा कृष्णमूर्ति ने भी इस घातक संक्रमण के कारण अपनी मां और बहन को गंवाया। वेदा को इंग्लैंड दौरे के लिए नहीं चुना गया है।
प्रिया का जन्म साल 1996 में राजस्थान के चूरू जिले में हुआ था। उन्होंने वर्ष 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था। उसी साल प्रिया ने टी20 इंटरनैशनल में भी कदम रखा। प्रिया ने अब तक 7 वनडे और 3 टी20 इंटरनैशनल मैच खेले हैं। (इंपुट: भाषा के साथ)