अनुराग ठाकुर को 4 महीने के लिए हिमाचल प्रदेश का सीएम बनाना चाहती है BJP? मनीष सिसोदिया के बयान पर जयराम ठाकुर ने किया पलटवार

0

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर को हटाकर अनुराग ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाना चाहती है।

हिमाचल प्रदेश

दरअसल, मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को अपने ट्वीट में लिखा था, “केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेन्स की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर BJP हिमाचल में अपने नाकाम CM को हटाकर 4 महीने के लिए अनुराग ठाकुर को CM बनाना चाहती है। लेकिन भाजपा चाहे जो हथकंडे अपना ले अब हिमाचल की जनता अरविंद केजरीवाल जी की ईमानदार राजनीति को एक मौका देने के लिए मन बना चुकी है।”

मनीष सिसोदिया ने दावा करते हुए कहा था कि, “भाजपा हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर को हटाकर अनुराग ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाना चाहती है। भाजपा को उनकी नाकामी याद आ गई है और उन्हें पता चल गया है कि CM जयराम ने जनता लिए कुछ नहीं किया है।”

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “क्या यह उनसे पूछकर तय होगा? मैं यह जानना चाहता हूं कि इसमें उनको क्या लाभ हो रहा है? अरविंद केजरीवाल आए थे और आकर चले गए। अपनी उम्मीद के विपरीत उनको नज़ारा देखने को मिला। मैं सिरे से इस बात को (नेतृत्व परिवर्तन को) खारिज करता हूं।”

गौरतलब है कि, पंजाब में शानदार जीत के बाद आम आदमी पार्टी अब हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। पिछले दिनों पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल प्रदेश में रोड शो भी किया था।

बता दें कि, अभी हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार है और वहां के सीएम जयराम ठाकुर हैं। इस साल के आख़िर में हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]

Previous articleमशहूर गीतकार माया गोविंद का निधन, लंबे समय से थीं बीमार
Next articleदिल्ली के क्लब में शो के दौरान यो यो हनी सिंह के साथ बदसलूकी, FIR दर्ज