गुजराती फिल्म स्टार और भाजपा के पूर्व विधायक नरेश कनोडिया का मंगलवार सुबह कोरोनो वायरस से निधन हो गया। वो 77 वर्ष के थे। कनोडिया 20 अक्टूबर को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे और अहमदाबाद के मेहता हार्ट अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
नरेश कनोडिया का जन्म 20 अगस्त, 1943 को महेसाणा जिले के बेचाराजी तहसील के कानोडा गांव में हुआ था। उनके बड़े भाई महेश कनोडिया का 25 अक्टूबर को गांधीनगर में 80 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। महेश कनोडिया भाजपा के पूर्व सांसद थे जबकि नरेश पूर्व विधायक थे। दो दिन पहले, नरेश के बेटे हितू कनोडिया, जो एक फिल्म अभिनेता और भाजपा विधायक हैं, ने अपने बीमार पिता के लिए प्रार्थना करने के लिए जनता से अपील करते हुए एक ट्विटर पोस्ट साझा किया था।
महेश और नरेश दोनों महेश-नरेश की संगीत जोड़ी के रूप में बहुत लोकप्रिय थे। दोनों ने बेहद गरीबी में अपने संगीत करियर की शुरूआत की, एक गांव से दूसरे गांव जाते हुए स्टेज शो किए। इस पृष्ठभूमि से वे धीरे-धीरे गुजराती फिल्मों को संगीत देने के बड़े मंच पर चले गए और बड़ी सफलता हासिल की।
इसके बाद नरेश अभिनय में उतर गए और कुछ ही समय में एक अभिनेता के रूप में भी सफल हुए और 40 से 50 से अधिक हिट फिल्मों के साथ एक फिल्म स्टार बन गए।
बाद में, दोनों भाइयों ने राजनीति में प्रवेश किया। महेश भाजपा के टिकट पर पाटन निर्वाचन क्षेत्र से सांसद चुने गए। वो 1991 से 2009 तक चार बार सांसद चुने गए। नरेश ने 2002 से 2007 तक भाजपा के उम्मीदवार के रूप में कर्जन से विधायक के रूप में राजनीति में कदम रखा।
नरेश कनोडिया के निधन पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने ट्वीट कर शोक जाहिर किया है। नरेश कनोडिया ने 70, 80 और 90 के दशक में बहुत सी सफल गुजराती फिल्मों में काम किया था। उन्होंने एक हिंदी फिल्म ‘छोटा आदमी’ में भी काम किया था। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)
ગુજરાતી ફિલ્મના સુપરસ્ટાર અને ભાજપા અગ્રણીશ્રી નરેશભાઈ કનોડિયાના દુઃખદ અવસાનથી શોકમગ્ન છું.આગવા અભિનય દ્વારા ગુજરાતી ચલચિત્રોને લોકપ્રિય બનાવી ગુજરાતીઓનું હ્રદય જીતનાર સદાબહાર અભિનેતાની ખોટ ગુજરાતને હંમેશા રહેશે.સામાજીક અને કલાક્ષેત્રે તેમનું અમૂલ્ય યોગદાન નવી પેઢીને પ્રેરણા આપશે pic.twitter.com/7lAiDtPYHx
— Vijay Rupani (@vijayrupanibjp) October 27, 2020