समाजवादी पार्टी के नेता और अखिलेश सरकार में मंत्री रहे गैंगरेप के आरोपी गायत्री प्रजापति को मंगलवार(25 अप्रैल) को लखनऊ की पॉक्सो कोर्ट ने जमानत दे दी है। प्रजापति के साथ ही अन्य आरोपी पिंटू सिंह, विकास वर्मा को भी जमानत मिल गई है। कोर्ट ने इन सभी को एक एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दी है।
बता दें कि प्रजापति के खिलाफ एक युवती ने रेप का मामला दर्ज कराया था। युवती का आरोप था कि गायत्री प्रजापति ने उसके साथ बलात्कार किया था। बलात्कार के एक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी किया था। शीर्ष अदालत के निर्देश के बाद 15 मार्च काे प्रजापति को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था।
दरअसल, गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने वाली महिला का आरोप है कि मंत्री ने उसे पार्टी में ऊंचा पद दिलाने और के नाम पर पिछले दो साल में कई बार रेप किया, और उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की। महिला का यह भी आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।
17 फरवरी को गायत्री प्रजापति और 6 अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। FIR के मुताबिक, पीड़ित महिला ने शिकायत में कहा था कि एक करीबी के माध्यम से करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात गायत्री प्रजापति से हुई थी। महिला का आरोप है कि गायत्री ने कुछ आपत्तिजनक फोटो लिए थे और कई बार ब्लैकमेल भी किया।