पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित; नायडू, पीएम मोदी, सोनिया और राहुल ने स्वस्थ होने की कामना की

0

पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई अन्य नेताओं ने मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मनमोहन सिंह

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 88 वर्षीय सिंह को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ट्रॉमा सेंटर को कोविड के उपचार केंद्र के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सिंह को सोमवार सुबह हल्का बुखार था और बाद में जांच में उनके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। सिंह की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं। उल्लेखनीय है कि, पूर्व प्रधानमंत्री ने कोरोना रोधी के टीके की दोनों खुराक ली हैं।

उपराष्ट्रपति कार्यालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया, ”पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के कोविड-19 से पीड़ित होने के बारे में पता चला। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अपने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के उत्तम स्वास्थ्य और जल्द से जल्द उनके ठीक होने की कामना करता हूं।’’

सोनिया गांधी ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं सुनकर बहुत चिंतित हूं कि मनमोहन सिंह अस्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। मैं कांग्रेस में सभी लोगों की तरफ से कामना करती हूं कि वह शीघ्र स्वस्थ हों।’’

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘प्रिय मनमोहन सिंह जी, आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत को इस मुश्किल समय में आपके मार्गदर्शन और परामर्श की जरूरत है।’’

प्रियंका ने कहा, ‘‘मनमोहन सिंह जी और उनके परिवार के साथ मेरी प्रार्थनाएं हैं। कामना है कि वह इस मुश्किल से लड़ेंगे और जल्द स्वस्थ होंगे।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कई अन्य नेताओं ने भी सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

पिछले साल एक नई दवा के कारण रिएक्शन और बुखार होने के बाद सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था। कई दिनों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। साल 2009 में एम्स में उनकी बाईपास सर्जरी हुई थी। (इंंपुट: भाषा के साथ)

Previous article“Anguished that my friend of 53 years… “: Subramanian Swamy pens emotional note after Dr. Manmohan Singh admitted to AIIMS for COVID-19 treatment
Next articleआपदा के बीच बॉलीवुड के साइड एक्टर की भूमिका निभाने वाले मनोज जोशी ने पोस्ट किया सांप्रदायिक ट्वीट, लोगों ने “Kachra Seth” ट्रेंड कर किया शर्मिंदा