पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी का सोमवार (12 अगस्त) को कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया है। वह 89 साल के थे। रविवार को दिल का हल्का दौरा पड़ने के बाद उनकी स्थिति बिगड़ गई थी। गुर्दे संबंधी समस्या से जूझ रहे चटर्जी को मंगलवार को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चटर्जी को रविवार सुबह दिल का हल्का दौरा पड़ा था लेकिन उसने फिर से काम करना शुरू कर दिया था।
पिछले महीने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष को मस्तिष्काघात के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। पिछले 40 दिनों से चटर्जी का उपचार चल रहा था। स्वास्थ्य में सुधार के संकेत मिलने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी लेकिन मंगलवार को हालत बिगड़ने के बाद उन्हें फिर से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
10 बार लोकसभा के सदस्य रहे चटर्जी माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य रहे। वह 2004 से 2009 के बीच लोकसभा के अध्यक्ष रहे थे। हालांकि उनकी पार्टी के संप्रग-1 सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद लोकसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने से उनके इनकार के बाद 2008 में उन्हें माकपा से निष्कासित कर दिया गया था।



















