बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के पूर्व विधायक महेश्वर सिंह शनिवार (3 जुलाई) को अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए। सिंह को राजद की सदस्यता दिलाते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार की गिरी हुई सरकार का गिरना तय है।
तेजस्वी ने पूर्व विधायक महेश्वर सिंह का आरजेडी में स्वागत करते हुए उन्हें अनुभवी नेता बताया। उन्होंने कहा कि इनके आने से राजद और मजबूत होगा। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश सरकार नौजवानों के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि आज रिश्वत के बिना कोई काम नहीं हो रहा है। अफसरशाही इतना बढ़ गई है कि मंत्री को भी इसके खिलाफ आवाज उठानी पड़ रही है।
श्री @yadavtejashwi जी की नेतृत्वक्षमता एवं आदरणीय @laluprasadrjd जी के सिद्धांतों में आस्था जताते हुए हरसिद्धि से दो बार के MLA, LJP के पूर्व विधायक दल के नेता तथा हाल ही में JDU के सदस्य रहे श्री महेश्वर सिंह जी आज अपने पूरे दल, बल, जनाधार व जन समर्थन के साथ राजद में शामिल हुए! pic.twitter.com/VkoD1Es4J1
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) July 3, 2021
उन्होंने कहा, ‘बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के सहारे सरकार चल रही है। भ्रष्ट अधिकारी, मंत्री और विधायक पर हावी हैं। समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन सहनी ने जो कुछ भी कहा है, वह बिलकुल सही है। मंत्री ने जो आरोप लगाए उसके छींटे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली पर भी पड़ी हैं।’
तेजस्वी ने बिहार में तबादले के नाम पर कमाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने हैं, तभी से यह धंधा चल रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के कई विधायक भी सरकार की कार्यशैली से नाराज हैं। उन्होंने एक बार फिर नीतीश सरकार को चोर दरवाजे से बनी सरकार बताते हुए कहा, ‘यह गिरी हुई सरकार है, जिसका गिरना तय है।’
इससे पहले जदयू के पूर्व विधायक महेश्वर सिंह राजद नेता तेजस्वी की मौजूदगी में राजद में शामिल हुए। तेजस्वी ने कहा कि महेश्वर सिंह काफी अनुभवी नेता हैं। ये दो बार विधायक रह चुके हैं, इनके आने से राजद और मजबूत होगा। महेश्वर सिंह ने राजद की सदस्यता ग्रहण करने के बाद तेजस्वी की तारीफ करते हुए कहा कि इनका विजन साफ है और हमसब उसी के साथ चलेंगे।