गुजरात में खेडा जिले के वसो क्षेत्र में एक सड़क हादसे में कार सवार दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिविल अस्पताल नाडियाद में चल रहा है। जबकि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए गए हैं। घटना अहमदाबाद-वडोदरा नैशनल हाइवे-8 की है।
नादियाड के फायर सुपरिटेंडेंट दीक्षित पटेल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई थी। तीन ऐंबुलेंस से घायलों को अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि देर रात दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हुई। दोनों की ही रफ्तार बहुत तेज थी। कारों की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ही कारों के परखच्चे उड़ गए और वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
तेज आवाज सुनकर यात्रियों ने पुलिस को सूचना दी। अंदर बैठे कार सवार कारों के अंदर फंस गए। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर बाद उन्हें निकाला गया।
मृतकों की पहचान वसीम सु. शेख की पत्नी सीमाबानू (24), उसकी पुत्री तनाजबानु (4) उसकी सास याकुबभाई शेख की पत्नी कौशरबानु (50), उसके ससुर याकुब फ. शेख (52), उसके साले सहद या. शेख की नौ माह की पुत्री इनायाबा के रूप में हुई है।
वसीम के परिवार के अन्य चार लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे आणंद से अहमदाबाद अपने घर की ओर आ रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Gujarat: Two cars collided on National Highway-8 in Nadiad district. "Five people have died, four others are seriously injured. The injured have been rushed to a hospital," says Dixit Patel, Nadiad Fire Superintendent. pic.twitter.com/U3VFT5DtOp
— ANI (@ANI) August 16, 2020