भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के किसान मोर्चे अखिल भारतीय किसान सभा (एआईकेएस) की अगुवाई में किसानों का विरोध मार्च सोमवार (12 मार्च) को मुंबई पहुंच गया है। पूर्ण कर्जमाफी और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग को लेकर करीब 50,000 किसान मुंबई के आजाद मैदान में डटे हुए हैं। ये किसान आज महाराष्ट्र विधानसभा घेरने की तैयारी में हैं।
file photoइन किसानों ने 6 मार्च को यात्रा शुरू की थी और अबतक पिछले 6 दिनों में 160 किलोमीटर की यात्रा तय कर चुके हैं। किसानों के इस आंदोलन को शिवसेना, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे), कांग्रेस, एनसीपी और आम आदमी का समर्थन हासिल है। आरएसएस ने भी राज्य सरकार से इस मुद्दे के समाधान की मांग की है। इस मसले पर महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक सियासत भी तेज हो गई है।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद पूनम महाजन ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को ‘शहरी माओवादी’ करार दिया है। न्यूज 18 से बातचीत में मुंबई में प्रदर्शन कर रहे किसानों के संदर्भ में पूनम महाजन ने कहा कि, ‘उनके (किसानों) हाथों में लाल झंडे हैं। वे शहरी माओवादियों से प्रभावित हैं।’ वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसे महज एक सूबे के नहीं, बल्कि पूरे देश के किसानों का आंदोलन करार दिया है।
#BREAKING – Maharashtra farmers’ protest propelled by urban Maoists: Poonam Mahajan, BJP MP. #ProtectOurFarmers pic.twitter.com/oYkcyF0W1A
— News18 (@CNNnews18) March 12, 2018
जबकि किसानों के आंदोलन से हरकत में आई देवेंद्र फडणवीस सरकार अब डैमेज कंट्रोल मोड में आ चुकी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम उनकी (किसानों) मांगो को पूरा करने के प्रति सकारात्मक हैं। मोर्चा के पहले दिन से ही हमनें उनसे कई मुद्दों पर चर्चा करने की कोशिश की। गिरीश महाजन उनके संपर्क में थे पर वे अपने मार्च को लेकर डटे रहे।
बता दें कि मुंबई से करीब 150 किलोमीटर दूर नासिक से चला किसानों का यह जनसमूह 6 दिनों के बाद फिलहाल मुंबई के आजाद मैदान में पहुंचा हुआ है। इस महामोर्चा में 50 हजार किसान शामिल हैं। यहां से किसान महाराष्ट्र विधानसभा के घेराव के लिए कूच करेंगे। इस किसान आंदोलन को सभी गैर-राजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है। मोर्चे के मुंबई पहुंचते ही कई राजनीतिक पार्टियों ने इस पदयात्रा का समर्थन भी किया।
महाराष्ट्र में सत्ताधारी बीजेपी की मुख्य सहयोगी शिवसेना की ओर से आदित्य ठाकरे और एकनाथ शिंदे ने किसानों को संबोधित किया। मुंबई नगरपालिका द्वारा आजाद मैदान में किसान मोर्चा के लिए खास इंतजाम किया गया है। करीब 50 सीटों वाला टॉयलेट, पानी के टैंकर, एंबुलेंस का इंतजाम किया गया है। मंत्रालय और आजाद मैदान के आसपास के सार्वजनिक शौचालयों को अगले दो दिन तक मुफ्त सेवा देने के निर्देश हैं।