मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री हेमा मालिनी और अभिनेता धर्मेंद्र की बड़ी बेटी ईशा देओल दूसरी बार मां बनीं हैं। ईशा देओल और उनके पति भरत तख्तानी के घर बेटी ने जन्म लिया है। दंपति 10 जून को दूसरी बार माता-पिता बने हैं। इससे पहले भी उनकी एक बेटी राध्या है, जिसका जन्म 23 अक्टूबर 2017 को हुआ था।
ईशा ने इस खुशखबरी को सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए अपने चाहने वाले से शेयर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर कर बेटी के नाम का भी खुलासा किया है। ईशा ने अपनी बेटी का नाम मिराया तख्तानी रखा है। ईशा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘हमारे घर में स्वागत है… मिराया तख्तानी। 10 जून 2019 को इस दुनिया में आई। भगवान का शुक्रिया।’’
उन्होंने राध्या की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘मैं बड़ी बहन बन गई हूं।’’ फिल्म जगत की चर्चित हस्तियों धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी ईशा ने जून 2012 में भरत तख्तानी से शादी की थी। शादी के 5 साल बाद अक्टूबर 2017 में ईशा ने बेटी राध्या को जन्म दिया था।