कर्नाटक-उत्तर प्रदेश समेत इन राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर 21 अक्टूबर को होगा उपचुनाव

0

चुनाव आयोग ने शनिवार (21 सितंबर) को प्रेस कांफ्रेंस कर महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। दोनों राज्यों में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि 24 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने 18 राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर 21 अक्टूबर को उपचुनाव कराने की घोषणा की। वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। उपचुनाव वाली विधानसभा सीटों में 15 सीटें कर्नाटक और 11 सीटें उत्तर प्रदेश की हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि कर्नाटक में जिन सीटों पर उपचुनाव होंगे उनमें वे सीटें भी शामिल हैं जहां के विधायकों को हाल में अयोग्य करार दिया गया है। उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में अधिकतर वे हैं जहां के विधायकों ने लोकसभा चुनाव जीतने के कारण इस्तीफा दिया है। समस्तीपुर सीट लोक जनशक्ति पार्टी के नेता और सांसद राम चंद्र पासवान के जुलाई में हुए निधन से खाली हुई है।

एक सवाल का जवाब देते हुए सुनील अरोड़ा ने कहा कि सतारा लोकसभा सीट पर उपचुनाव 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ नहीं होगा। सतारा से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सांसद उदयनराजे भोंसले इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए हैं।

अरोड़ा ने बताया कि पश्चिम बंगाल में उपचुनाव नहीं होंगे क्योंकि राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा के मद्देनजर इसे टालने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पंचायत चुनाव की प्रकिया चल रही है और राज्य प्रशासन उसमें व्यस्त है इसिलए यहां भी उपचुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि कुछ अन्य सीटों पर भी उपचुनाव नहीं कराए जा रहे हैं क्योंकि उच्च न्यायालयों में मामला विचाराधीन है।

चुनाव आयोग के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, मेघालय, ओडिशा और पुडुचेरी की एक-एक सीट पर उपचुनाव होगा। असम की चार, बिहार की पांच, गुजरात की चार, हिमाचल प्रदेश की दो, केरल की पांच, पंजाब की चार, राजस्थान एवं तमिलनाडु की दो-दो और सिक्किम की तीन सीटों पर भी उपचुनाव होंगे।

एक लोकसभा और 64 विधानसभा सीटों के लिए 23 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी और उसी दिन नामांकन प्रक्रिया भी शुरू होगी। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleA sneak peek at IAS topper Tina Dabi’s weekend outfit and gardening escapades
Next articleWe are not issuing any challan to drivers for not having condoms: Delhi Police