कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी के निधन पर डॉक्टर का खुलासा, बोले- आज तक के शो के दौरान हुआ कॉर्डियक अरेस्‍ट; ट्विटर पर ट्रेंड हुआ #ArrestSambitPatra

0

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार शाम दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। निधन के थोड़ी देर पहले वह एक टीवी चैनल पर डिबेट में हिस्सा ले रहे थे। बताया जाता है कि बहस खत्म होने के कुछ ही मिनटों में उन्हें तकलीफ शुरू हुई और वह बेहोश हो गए। जिसके बाद उन्हें गाजियाबाद स्थित यशोदा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

राजीव त्यागी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी के आकस्मिक निधन पर बुधवार को दुख जताया और उन्हें ‘विचारधारा के प्रति समर्पित योद्धा’ करार दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने आज अपना बब्बर शेर खो दिया। राजीव त्यागी के कांग्रेस प्रेम व संघर्ष की प्रेरणा हमेशा याद रहेंगे। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि और परिवार को संवेदनाएं।

कांग्रेस महासचिव ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव त्यागी जी की असामयिक मृत्यु मेरे लिए एक व्यक्तिगत दुःख है। हम सबके लिए अपूर्णीय क्षति है।’’

डॉक्टर के मुताबिक, राजीव त्यागी डीबेट के दौरान ही अचानक कोलाप्स कर गए थे। राजीव त्यागी को अचेत देखकर उनके घर वालों ने पहले उन्हें कार्डियक मसाज और सीपीआर दिया। इसके बाद करीब 6:30 बजे उन्हें हॉस्पिटल लाया गया। जब वह हॉस्पिटल पहुंचे तो वह अचेत थे और रिस्पॉन्ड नहीं कर रहे थे। बीपी और पल्स भी नहीं था। इसके बाद हमने अपने अडवांस कार्डियक लाइफ केयर प्रोटोकॉल के तहत उनका इलाज शुरू किया। उन्हें वेंटिलेटर पर लिया और 45 मिनट तक सीपीआर, इंजेक्शन और लाइफ सेविंग ड्रग्स दी। इसके बावजूद वह नहीं बच पाए।

डॉक्टर के इस बयान ते बाद माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर हैशटैग #ArrestSambitPatra ट्रेंड कर रहा है। ट्विटर पर भाजपा प्रवक्‍ता संबित पात्रा के खिलाफ ट्वीट्स का अंबार लगने लगा है। कई यूजर्स राजीव त्यागी की आखिरी टीवी डिबेट का वीडियो शेयर कर संबित पात्रा को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पात्रा ने बेहद आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया जिससे त्‍यागी की तबीयत बिगड़ गई। कांग्रेस के पदाधिकारी समेत कई सोशल मीडिया यूजर्स संबित पात्रा को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।

लोकदल से अपने राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाले 50 वर्षीय त्यागी 2006 में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुए। तब से वह विभिन्न भूमिकाओं में थे। कुछ साल पहले उन्हें पार्टी ने राष्ट्रीय प्रवक्ता की ज़िम्मेदारी सौंपी। फिलहाल वह यूपी कांग्रेस में महासचिव व प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी की ज़िम्मेदारी भी देख रहे थे।

राजीव त्‍यागी को टीवी जगत में खुलकर अपनी बात रखने के लिए जाना जाता था। भाजपा के संबित पात्रा के साथ उनकी कई बहसें बेहद तीखी नोंक-झोंक में बदल जाती थीं। वह तथ्‍यपरक बातें रखने के साथ-साथ अनूठे अंदाज में कांग्रेस का पक्ष रखने के लिए भी मशहूर थे।

Previous article“Sparky and svelte”: Tina Ambani writes adorable note for Kareena Kapoor Khan’s rockstar; there’s connection with Shloka Mehta’s mother-in-law Nita Ambani
Next articleपूर्व मॉडल और फैशन डिजाइनर सिमर दुग्‍गल का न‍िधन, मलाइका अरोड़ा सहित अन्य बॉलीवुड सितारों ने जताया शोक