नोएडा: फ्लैट में मिला 32 वर्षीय महिला का शव, हत्या की आशंका

0

देश की राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना बीटा-2 क्षेत्र के स्वर्ण नगरी में 32 वर्षीय महिला का शव बुधवार सुबह उसके फ्लैट में मिला। यह घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

नोएडा
फाइल फोटो

मौके पर पहुंची पुलिस को घर पर महिला का पति या कोई अन्य रिश्तेदार नहीं मिला। पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना बीटा-2 क्षेत्र के स्वर्ण नगरी स्थित एक फ्लैट में आज पिंकी कुमारी पत्नी सुमित राजपूत का शव पुलिस को मिला। उन्होंने बताया कि महिला यहां अपने पति और एक बच्चे के साथ किराए पर रह रही थी। वह मूल रूप से दिल्ली के वसुंधरा एनक्लेव की रहने वाली है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। उसका पति और बच्चा घर पर नहीं मिले। उन्होंने बताया कि शव तीन दिन पुराना है। फ्लैट से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। डीसीपी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।

उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस की सहायता से महिला के दिल्ली के पते पर उसके रिश्तेदारों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वहां पर भी कोई नहीं मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस उसके परिजनों को सूचना देने का प्रयास कर रही है। पुलिस को संदेह है कि महिला की हत्या की गई है। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleBJP के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संबित पात्रा का उड़ाया मजाक, बाद में डिलीट किया ट्वीट
Next articleनोएडा: कोरोना संक्रमित मरीज की मौत पर नहीं पहुंच पाए परिजन, बेटी के अनुरोध पर डीएम ने कराया अंतिम संस्कार