कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची शनिवार को जारी की जिसमें उसकी प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रिपुन बोरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया के नाम प्रमुख हैं।
पार्टी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक, राज्यसभा सदस्य बोरा को गोहपुर से उम्मीदवार बनाया गया है तो सैकिया अपनी वर्तमान सीट नजीरा से चुनाव लड़ेंगे। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 27 मार्च से तीन चरणों के चुनाव शुरू होगा।
असम में कांग्रेस नीत ‘महाजोत’ (महागठबंधन) में एआईयूडीएफ, बीपीएफ, माकपा, भाकपा और आंचलिक गण मोर्चा शामिल हैं। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी 87 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
#AssamAssemblyElections2021 के लिए #Congress ने जारी की 40 उम्मीदवारों की सूची pic.twitter.com/NnpUNUZ1s1
— Navjivan (@navjivanindia) March 6, 2021
बता दें कि, इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी शुक्रवार को आगामी असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने 70 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी। मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल माजुली से, प्रदेश अध्यक्ष रंजीत दास पटाचारकुची से और राज्य सरकार के मंत्री हेमंत विश्व सरमा जलकुबारी से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने 11 वर्तमान विधायकों के टिकट काटे हैं जबकि 11 सीटों पर अनुसूचित जनजाति और चार सीटों पर अनुसूचित जाति उम्मीदवारों को टिकट दिया।
असम में 27 मार्च से छह अप्रैल के बीच तीन चरणों में मतदान संपन्न होगा। पहले चरण के तहत राज्य की 47 विधानसभा सीटों पर 27 मार्च को, दूसरे चरण के तहत 39 विधानसभा सीटों पर एक अप्रैल और तीसरे व अंतिम चरण के तहत 40 विधानसभा सीटों पर छह अप्रैल को मतदान संपन्न होगा। नामांकन की आखिरी तारीख नौ मार्च है।
इस बार के चुनाव असम में भाजपा को अपनी सत्ता बचाने की चुनौती है। वहां उसका सामना कांग्रेस और एआईयूडीएफ के गठबंधन से है। भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में 10 सालों के कांग्रेस शासन का अंत करते हुए पहली बार पूर्वोत्तर के किसी राज्य में सत्ता हासिल की थी। (इंपुट: भाषा के साथ)