ओडिशा: CM नवीन पटनायक ने कृषि मंत्री को किया बर्खास्त, ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ की थी अपमानजनक टिप्पणी

0

शुक्रवार (22 दिसंबर) को ओडिशा के कृषि मंत्री दामोदर राउत को उनके पद से सिर्फ इसलिए बर्खास्त कर दिया क्योंकि उन्होंने ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। दामोदर राउत पर कार्रवाई राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने की है।

फाइल फोटो- दामोदर राउत

न्यूज़ एजेंसी भाषा की ख़बर के मुताबिक, पटनायक ने संवाददाताओं से कहा कि, ‘किसी भी जाति, नस्ल या धर्म के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को मैं सख्ती से नामंजूर करता हूं। मैंने डॉ. (दामोदर) राउत को मंत्रिपरिषद से बर्खास्त कर दिया है।’ बता दें कि राउत बीजू जनता दल (बीजद) के उपाध्यक्ष भी हैं।

साथ ही पटनायक ने बताया कि उनकी बर्खास्तगी को स्वीकार करने के लिए माननीय राज्यपाल को शाम को एक पत्र भी भेजा गया। हालांकि, राउत इस पर प्रतिक्रिया देने करने के लिए उपस्थित नहीं हो सके, क्योंकि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र से दूर थे।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने 17 दिसंबर को मल्कानगिरि में एक कार्यक्रम में ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ अपमानजक टिप्पणी की थी, जिसके बाद राज्यव्यापी प्रदर्शन हुए थे।

पारादीप से 76 वर्षीय विधायक ने कहा था कि, ‘राज्य के किसी भी हिस्से में कोई आदिवासी भीख नहीं मांग रहा, जबकि बस पड़ाव जैसे स्थानों पर ब्राह्मणों को भीख मांगते कोई भी देख सकता है।’

रिपोर्ट के मुताबिक, सात बार के विधायक राउत पहले भी विवादों में रह चुके हैं। उन्होंने अक्तूबर में बीजेपी की एक महिला नेता और आंगनवाड़ी सेविकाओं के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी।

Previous articleगुजरात पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोमनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, चुनाव नतीजों पर नेताओं से करेंगे चर्चा
Next articleवाल्मीकि समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर बुरे फंसे सलमान और शिल्पा, मुंबई में FIR दर्ज