BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रियंका गांधी की वाराणसी रैली में अजान का वीडियो किया शेयर, कांग्रेस ने किया पलटवार

0

हमेशा अपने बयानों को लेकर मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रियंका गांधी की वाराणसी रैली में अजान पढ़े जाने का वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया। जिसपर कांग्रेस ने भी पलटवार किया और कहा कि वहां मंत्रोच्चारण भी हुआ था।

प्रियंका गांधी

गौरतलब है कि, उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासी घमासान मचा हुआ है। लगभग सभी राजनीतिक पार्टियां बैनर-पोस्टर के जरिए मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहीं। इस बीच, बीते रविवार को कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में किसान न्याय रैली का आयोजन किया था। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस रैली को संबोधित किया। संबोधन से पहले मंच से हर-हर महादेव का जाप, अजान और गुरबानी (सिख प्रार्थना) की गई।

इस बीच, भाजपा नेता संबित पात्रा ने हाल ही में अपने ट्विटर अकाउंट पर प्रियंका गांधी की रैली में अजान पढ़े जाने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि तो प्रियंका वाड्रा और कांग्रेस ने 14 अक्टूबर को अपनी रैली में तुष्टिकरण के लिए ऐसा किया। हालांकि, इस ट्वीट के रिप्लाई में संबित पात्रा ने रैली की तारीख को ठीक कर लिखा कि 14 अक्टूबर नहीं 10 अक्टूबर।

संबित पात्रा के इस ट्वीट पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया। यूपी कांग्रेस ने अपने ट्वीट में लिखा, “ये एक #ManipulatedVideo है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस दूषित मानसिकता से ग्रस्त संबित पात्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने जा रही है। ट्विटर इंडिया भी इसे संज्ञान ले। रैली शुरू होने से पहले सर्वधर्म प्रार्थना में सभी धर्मों की प्रार्थना हुई थी।”

वहींं, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने भाजपा प्रवक्ता के ट्वीट के जवाब में किसान न्याय रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा श्लोक पढ़े जाने और सिख धर्मगुरु द्वारा गुरुबानी किए जाने का वीडियो क्लिप पोस्ट किया।वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने संबित पात्रा को हेरफेर पात्रा बताते हुए लिखा कि यह भी उसी वाराणसी रैली में हुआ। किसी को खुश करने के लिए नहीं बल्कि सभी धर्मों के प्रति सम्मान दिखाने के लिए यह हुआ।

वहीं कांग्रेस नेत्री रुचिरा चतुर्वेदी ने भी संबित पात्रा के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका गांधी के उसी वीडियो क्लिप को ट्वीट किया जिसमें वो दुर्गा श्लोक पढ़ रहीं थीं। दुर्गा श्लोक पढ़े जाने का वीडियो को ट्वीट करते हुए रुचिरा चतुर्वेदी ने लिखा कि आपने ये वाला हिस्सा क्यों काट दिया? ये वीडियो पोस्ट करने का साहस रखिए! जय माता दी!

Previous articleउत्तर प्रदेश: दुष्कर्म पीड़िता की मां ने भी पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR, 17 वर्षीय लड़की ने पिता, सपा और बसपा नेताओं सहित 28 लोगों पर लगाया था यौन शोषण का आरोप
Next article“If authenticated…Modi government is heartless”: Subramanian Swamy explodes in anger after video of Indian soldiers being tortured by Chinese goes viral