भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चंडीगढ़ से सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री किरण खेर एक प्रकार के ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं और मुंबई में उनका इलाज चल रहा है। किरण खेर मल्टीपल मायलोमा से पीड़ित हैं जो एक प्रकार का ब्लड कैंसर है। उनके पति और अभिनेता अनुपम खेर ने गुरुवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।

अनुपम ने ट्विटर पर एक नोट साझा किया, जिसमें कहा गया- अफ़वाहों के किसी का भला नहीं होता, इसलिए सिकंदर और मैं आपको सूचित कर रहे हैं कि किरण को मल्टीपल माएलोमा हुआ है, जो एक प्रकार का ब्लड कैंसर है। अभी उनका इलाज चल रहा है और हमें यक़ीन है कि वो पहले ज़्यादा मजबूत होकर बाहर आएंगी। हम ख़ुशकिस्मत हैं कि उनका इलाज कुछ बेहतरीन डॉक्टर्स कर रहे हैं।
अभिनेता ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, वो हमेशा से जुझारू रही हैं और मुश्किलों से सीधे टकराती हैं। उन्हें कई लोग दिल से प्यार करते हैं। इसलिए प्यार भेजते रहिए। उन्हें दिल और दुआओं में रखिए। वो रिकवरी के रास्ते पर हैं। उन्हें प्यार और सहारा देने के लिए सभी का शुक्रिया।
— Anupam Kher (@AnupamPKher) April 1, 2021
बता दें कि, बुधवार को चंडीगढ़ में भाजपा नेता अनिल सूद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किरण खेर की सेहत के बारे में सूचना दी थी। उन्होंने कहा था कि वो पिछले कुछ वक़्त से गंभीर रूप से बीमार चल रही हैं, इसलिए राजनीतिक गतिविधियों से दूर हैं।
इसके बाद कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि किरण को ब्लड कैंसर हो गया है, जिसके बाद गुरुवार को अनुपम खेर ने सोशल मीडिया के ज़रिए इसकी पुष्टि की।