मध्य प्रदेश के गुना से भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) के विधायक पन्नालाल शाक्य ने एक बार फिर से महिलाओं को लेकर विवादित बयान दिया, उनके इस बयान से विवाद खड़ा हो सकता है। इतना ही नहीं, इस बार वह महिलाओं को बच्चे पैदा करने को लेकर नसीहत देते नजर आ रहे हैं। विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि महिलाएं बांझ रहें, मगर ऐसे बच्चे को जन्म न दें, जो संस्कारी न हो और जो समाज में विकृति पैदा करते हों।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, एक कार्यक्रम में बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य ने बुधवार(13 जून) को कहा, कांग्रेस गरीबी हटाओ के नारे के साथ आई, मगर उसने गरीब को ही हटा ही दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस के शासनकाल में गलत नीतियां बनाने वाले नेता पैदा हुए। महिलाएं बांझ रहें, मगर ऐसे बच्चे पैदा न करें जो न तो संस्कारी हों, और समाज में विकृति पैदा करते हों।
Congress came up with slogan of 'Gharibi Hatao' but instead wiped out the poor.There are women who give birth to such leaders. Women should rather remain infertile than produce kids who are not 'sanskari' & who deform society: Guna BJP MLA Pannalal Shakya (13.6.18) #MadhyaPradesh pic.twitter.com/6qhfV8LOyM
— ANI (@ANI) June 14, 2018
बता दें कि, अभी कुछ दिनों पहले ही पन्नालाल शाक्य ने एक पीजी कॉलेज में स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम में लड़कियों को लेकर विवादित बयान दिया था। पन्नालाल शाक्य ने कॉलेज में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा था कि लड़कियों पर अत्याचार इसलिए होते हैं, क्योंकि वे ब्वॉयफ्रेंड बनाती हैं। अगर वे यह करना बंद कर दें तो उन पर अत्याचार भी बंद हो जाएंगे।
बता दें कि, बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य वही हैं जिन्होंने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी पर भी सवाल उठाया था। पन्नालाल शाक्य ने कहा था, ‘विराट ने पैसा भारत में कमाया, लेकिन विवाह संस्कार करवाने के लिए उन्हें हिन्दुस्तान में कहीं जगह नहीं मिली। हिन्दुस्तान इतना अछूत है।’