बीजद ने ओडिशा से राज्यसभा की चार सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की

0

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्यसभा की चार सीटों पर चुनाव के लिए बीजद उम्मीदवारों के नामों की शनिवार को घोषणा की। ये सीटें अगले महीने से खाली हो रही हैं।

ओडिशा
फाइल फोटो

बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष पटनायक ने राज्यसभा चुनावों के लिए सुभाष सिंह, मुन्ना खान, सुजीत कुमार और ममता महंत को नामांकित किया। बता दें कि, ओडिशा की 10 में से चार राज्यसभा सीटें दो अप्रैल को रिक्त होंगी। ओडिशा से राज्यसभा सदस्य बीजद के अनुभव मोहंती, नरेंद्र कुमार स्वैन और सरोजिनी हेम्ब्रम तथा कांग्रेस के रंजीब बिस्वाल के कार्यकाल के पूर्ण होने से ये सीटे खाली होंगी।

सिंह ने ओडिशा बिल्डिंग एंड अदर कंसट्रक्शन वर्कर्स वेल्फेयर बोर्ड के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। जनता दल के पूर्व नेता खान अल्पसंख्यक मामलों के विभाग में सलाहकार थे जबकि कुमार विशेष विकास परिषद के सलाहकार थे। महंत मयूरभंज जिले से बीजद महिला शाखा की सदस्य हैं। बीजद ने पिछले साल राज्यसभा चुनावों में भाजपा उम्मीदवार अश्विनी वैष्णव का समर्थन किया था। पटनायक ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘‘अनुरोध’’ पर यह कदम उठाया गया।

संसद के ऊपरी सदन (राज्यसभा) की खाली हो रही 55 सीटों पर 26 मार्च को चुनाव होने हैं। परिणाम 26 मार्च शाम को ही जारी हो जाएँगे। इसके बाद जून में और पाँच सीटें, जुलाई में एक और नवंबर में 11 अन्य सीटें खाली होंगी। इसी के चलते खाली हो रही सीटों के लिए अभी से दौड़ शुरू हो गयी है।

अप्रैल में खाली होने वाली वाली 55 सीटों में सबसे ज़्यादा 7 सीटें महाराष्ट्र की हैं। इसके अलावा तमिलनाडु की 6 सीटें, पश्चिम बंगाल और बिहार की 5-5 सीटें, ओडिशा, गुजरात और आंध्र प्रदेश की 4-4 सीटें, असम, राजस्थान और मध्य प्रदेश की 3-3 सीटें, हरियाणा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की 2-2 सीटें और मणिपुर, मेघालय और हिमाचल प्रदेश की 1-1 सीट खाली होगी। इसी तरह पाँच सीटें जून में खाली हो जाएँगी। इनमें से 4 कर्नाटक की होंगी और एक अरुणाचल प्रदेश की। जुलाई में मिजोरम में एक सीट खाली हो रही है। वहीं, नवंबर में 11 सीटें राज्यसभा में भरी जाएँगी, जिनमें से उत्तर प्रदेश की 10 सीटें होंगी और एक उत्तराखंड की। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleभारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने क्रिकेट को कहा अलविदा
Next articleBigg Boss winner Siddharth Shukla receives chilling threats from Bhabhi Ji Ghar Par Hain fame Shilpa Shinde, who warns of releasing video