बिहार चुनाव: कड़ी सुरक्षा के बीच 49 सीटों के लिए मतदान जारी

0

बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत सोमवार को 49 विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया, जो शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। मतदाता कतारों में खड़े अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। पहले चरण में राज्य के 10 जिलों समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा और जमुई के कुल 49 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जा रहे हैं। प्रथम चरण में 1.35 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनके लिए 13,212 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। पहले चरण में 54 महिला समेत 583 उम्मीदवार मैदान में हैं।

सामान्य विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक, जबकि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुबह सात बजे से तीन बजे और कुछ क्षेत्रों में शाम चार बजे तक ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। मतगणना आठ नवंबर को होगी।

इस चरण में सभी दलों ने अपना पूरा जोर लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह कई चुनावी सभाएं कर लोगों से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) तथा कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी सत्ताधारी महागठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील कर चुके हैं।

इस चरण में हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष शकुनी चौधरी, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कमार पारस, भाजपा की रेणु कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह, जद (यू) के विजय चौधरी और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के रामदेव वर्मा की साख दांव पर है।

प्रथम चरण के मतदान के लिए राजग की ओर से भाजपा के 27, लोजपा के 13, रालोसपा के छह, हम के तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन की ओर से जद (यू) के 24, राजद के 17 और कांग्रेस के आठ प्रत्याशी चुनावी समर में हैं।

Previous articleProtesting Kannada writer quits Sahitya Akademi post
Next articleबिहार चुनाव: जमुई में भिड़े NDA, महागठबंधन के कार्यकर्ता, 4 घायल