मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार रात चलती बस में किए गए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर दिय़ा गया है।
भोपाल दक्षिण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक अंशुमान सिंह ने शुक्रवार को बताया, कि बुधवार देर रात 35 वर्षीय महिला अपने मायके नरियलखेडा से पुल बोगदा के लिए नगर परिवहन सेवा की बस (मिनी बस) से जा रही थी। भोपाल टॉकीज के पास अधिकांश सवारियां उतर गईं।
सिंह ने बताया कि बस के पुल बोगदा पहुंचने पर शेष सवारियों के उतरने के बाद महिला अकेली रह गय़ी थी। जब वह बस से उतरने लगी, तो चालक ने कहा कि बस अगले चौराहे से घुमा लेते हैं, फिर उतरना।
सिंह ने बताया कि उस वक्त बस में सिर्फ कंडक्टर दीपक, चालक सल्लू और एक अन्य व्यक्ति राजू सवार थे। बस के आगे बढ़ने पर कंडक्टर ने महिला से छेड़छाड़ की और उसके बाद दुष्कर्म किया। सल्लू और राजू ने उसका सहयोग किया। उसके बाद वह एमपी नगर थाना क्षेत्र में आयकर विभाग के कार्यालय के पास महिला को छोड़कर भाग गए।
सिंह ने बताया, “दुष्कर्म भले ही दीपक ने अकेले किया है, मगर प्रकरण तीनों पर दर्ज हुआ है। क्योंकि दो ने इस वारदात में सहयोग किया था। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बस भी पुलिस ने जब्त कर ली है।”
पीड़ित महिला ने दुष्कर्म की घटना के बाद देर रात एमपी नगर थाने पहुंचकर रपट दर्ज करा दी थी। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
(IANS)