वरिष्ठ पत्रकार एवं लोकप्रिय टीवी प्रस्तोता अंजन बंदोपाध्याय का रविवार रात को कोलकाता के एक निजी अस्पाल में कोरोना वायरस के कारण निधन हो गया। वह करीब एक महीने पहले कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें कोलकाता के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अंजन बंदोपाध्याय का निधन रात करीब नौ बजकर 25 मिनट पर हुआ। बंदोपाध्याय 56 साल के थे और वह बांग्ला समाचार चैनल जी-24 घंटा के संपादक थे। अंजन बंदोपाध्याय के भाई अल्पन बंदोपाध्याय अभी ममता बनर्जी सरकार के मुख्य सचिव हैं।
सीएम ममता बनर्जी और प्रदेश के तमाम दिग्गज राजनेताओं ने अंजन बंदोपाध्याय के निधन पर शोक जताया है। ममता बनर्जी के अलावा पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने भी अंजन बंदोपाध्याय को अपनी श्रद्धांजलि दी है। प्रेस क्लब, कोलकाता ने भी अंजन बंद्योपाध्याय के निधन पर शोक जताया है।
सीएम ममता ने कहा कि बंगाल में सबसे प्रसिद्ध टेलीविजन एंकरों में से एक अंजन बंदोपाध्याय के निधन पर दुखी हूं। वह एक उज्ज्वल, युवा और गतिशील पत्रकार थे। मेरे पास अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।
अंजन बंदोपाध्याय ईटीवी बांग्ला, 24 घंटा के साथ काम किया, और फिर आनंदबाजार पत्रिका की डिजिटल इकाई में चले गए। इसके बाद TV9 बांग्ला में शामिल हो गए थे। पश्चिम बंगाल में इस साल के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने ज़ी-24 घंटा के संपादक का पदभार संभाला था।
बता दें कि, इससे पहले भी देश के कई नामचीन पत्रकारों को कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद अपनी जान गंवानी पड़ी। हाल ही में टीवी पत्रकार रोहित सरदाना, फाइनेंशियल एक्सप्रेस के प्रबंधक संपादक सुनील जैन, वरिष्ठ स्तंभकार शेष नारायण सिंह का कोरोना से संक्रमित होने के बाद निधन हो गया था। (इंपुट: भाषा के साथ)