अमिताभ बच्चन को अब डी. लिट की उपाधि नहीं देगा रवींद्र भारती विश्वविद्यालय, जानिए क्यों राज्यपाल के निर्देश पर सूची से हटाया गया नाम

0

पश्चिम बंगाल स्थित रवींद्र भारती विश्वविद्यालय (आरबीयू) ने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को डी. लिट की मानद उपाधि देने का फैसला वापस ले लिया है। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी के निर्देश पर विश्वविद्यालय ने बॉलीवुड सुपरस्टार बच्चन का नाम इस साल डी. लिट पाने वालों की सूची से हटा दिया है। बीते द‍िनों विश्वविद्यालय ने बिग बी को डी. लिट उपाधि द‍ेने का फैसला क‍िया था।

FILE PHOTO: AFP

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, कुलपति सब्यसाची बसु राय चौधरी ने शनिवार (28 अप्रैल) को बताया कि राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को अनुपस्थित रहने वाले किसी भी व्यक्ति को यह मानद उपाधि नहीं देने को कहा है। बता दें कि पश्चिम बंगाल स्थित रवींद्र भारती विश्वविद्यालय कला और संगीत के क्षेत्र का एक जाना-माना नाम है। हालांकि बिग बी के कई समर्थकों ने विश्वविद्यालय के इस फैसले पर हैरानी और नाराजगी जताई है।

दरअसल, बॉलीवुड के महानायक बच्चन ने पहले कहा था कि वह शूटिंग संबंधी अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के चलते आठ मई को विश्वविद्यालय के 43 वें दीक्षांत समारोह में डी. लिट उपाधि ग्रहण नहीं कर पाएंगे। कुलपति ने बताया कि इस दीक्षांत समारोह में जिन अन्य मशहूर हस्तियों को डी. लिट की मानद उपाधि दी जाएगी वे लेखक नबनिता देव सेन, चित्रकार जतिन दास और शास्त्रीय गायक पंडित अमिया रंजन बंदोपाध्याय हैं।

यह समारोह आरबीयू के जोरासंको कैंपस मे होगा जो रवींद्रनाथ टैगोर का पैतृक गृह है। चौधरी ने बताया कि चित्रकार राबिन मंडल को हीराचंद दुगार मेमोरियल अवार्ड तथा गायक रुमा गुहा ठाकुरता व मूर्तिकार निरंजन प्रधान को एकेडमी ऑफ डांस ड्रामा म्यूजिक एवं विजुअल आर्ट्स पुरस्कार मिलेगा। बता दें कि किसी भी राज्य के राज्यपाल कुलाधिपति के रूप में उस प्रदेश में स्थित विश्वविद्यालयों के सबसे बड़े अधिकारी होते हैं।

Previous articleजन आक्रोश रैली: राहुल गांधी बोले- ‘शेर का बच्चा है हर कांग्रेसी कार्यकर्ता, 2019 में कांग्रेस पार्टी जीतेगी’
Next article“There is no doubt that I am God…Your body and soul are mine now”