देश की ‘आर्थिक राजधानी’ मुंबई में एक चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंबई में एक निजी एयरलाइन में काम करने वाली 25 साल की एक विमान परिचारिका (एयरहोस्टेस) से अंधेरी उपनगरीय क्षेत्र में उसके दोस्त और उसके साथ कमरे में रहने वालों ने कथित रूप से बलात्कार किया। इस मामले में महिला के मित्र स्वप्निल बाडोदिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाडोदिया ने अपराध स्वीकार कर लिया है, लेकिन इसमें अपने रूममेट की संलिप्तता से इनकार किया। पुलिस ने यह जानकारी बुधवार को दी।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, आरोपी बाडोदिया (23) को बुधवार को गिरफ्तार किया गया, जो महिला शिकायतकर्ता को जानता था और उसी एयरलाइन कंपनी के सुरक्षा विभाग में काम करता है। हालांकि, अन्य दो पुरुषों की भूमिका की अभी भी जांच चल रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि घटना मंगलवार को गोनी नगर स्थित एक फ्लैट में हुई जहां महिला का दोस्त स्वप्निल बाडोदिया (25) पेइंग गेस्ट के तौर पर रह रहा था।
महिला ने पुलिस को बताया कि बाडोदिया भी एक एयरलाइन में काम करता है। वह और महिला मंगलवार को रात्रि भोजन (डिनर) के लिए बाहर गए थे और उन्होंने बाद में उसके फ्लैट पर शराब पी। महिला के अनुसार जब वह अगली सुबह उठी तो उसे एहसास हुआ कि उसने शराब पी थी। बाडोदिया और उसके दोस्त ने रात में उससे जबर्दस्ती की।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, महिला ने एमआईडीसी पुलिस थाने में सामूहिक बलात्कार की एक शिकायत दर्ज कराई। एमआईडीसी पुलिस थाने के एक वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन अलकनुरे ने बताया, ‘हमने भारतीय दंड संहिता की धारा 376 डी के तहत सामूहिक बलात्कार का एक मामला दर्ज कर लिया है।’
पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने दावा किया कि बाडोदिया ने अपराध स्वीकार कर लिया, लेकिन इसमें अपने रूममेट की संलिप्तता से इनकार किया। बाडोदिया को एक अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 6 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में आगे की जांच जारी है।



















