आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुचाने के लिए एक नायाब तरीका ढूंढ निकाला है, जिसकी सोशल मीडिया यूजर्स जमकर तारीफ कर रहे हैं।
संजय सिंह आज दिल्ली से 33 दिहाड़ी मजदूरों को शाम 4 बजे हवाई जहाज के जरिये पटना ले जा रहे हैं। संजय सिंह ने इन मजदूरों को ले जाने की व्यवस्था बतौर सांसद के रुप मे एक साल में मिलने वाले 34 टिकटों का इस्तेमाल कर किया है। संजय सिंह खुद इन प्रवासी मजदूरों के साथ पटना जा रहे हैं।
संजय सिंह ने एक ट्वीट कर लिखा, “सांसद को साल भर में मिलने वाली 34 फ़्लाइट का इस्तेमाल प्रवासी साथियों को पटना पहुँचाने के लिए करूँगा साथियों और स्वयं सेवी संस्थाओं के सहयोग से कल 4.6.2020 को भी 180 व 12 प्रवासी मज़दूरों को दो अलग अलग फ़्लाइट से पटना लेकर जाऊँगा, सभी सहयोगी साथियों का हृदय से आभार।”
सांसद को साल भर में मिलने वाली 34 फ़्लाइट का इस्तेमाल प्रवासी साथियों को पटना पहुँचाने के लिए करूँगा साथियों और स्वयं सेवी संस्थाओं के सहयोग से कल 4.6.2020 को भी 180 व 12 प्रवासी मज़दूरों को दो अलग अलग फ़्लाइट से पटना लेकर जाऊँगा, सभी सहयोगी साथियों का हृदय से आभार।
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) June 3, 2020
संजय सिंह के इस पहल की दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तारीफ की है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा है कि संजय सिंह की इस अनूठी पहल से हम सबको प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा है कि जिनको भगवान ने साधन दिये हैं, उन साधनों का इस्तेमाल दूसरों की सेवा के लिये करें। उन्होंने आगे लिखा है कि संजय सिंह को इस काम के लिये बधाई।
गौरतलब है कि संजय सिंह पहले भी बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रवासी लोगों को उनके गृह जिले बसों के जरिये भेजते रहे हैं। लगभग हर रोज 5 से 6 बस संजय सिंह के नार्थ एवेन्यू स्थित सरकारी निवास से रवाना होती रही है।
संजय जी की इस अनूठी पहल से सभी को प्रेरणा मिलेगी। जिन्हें भगवान ने ज़िंदगी में साधन दिए हैं, उनकी ज़िम्मेदारी है कि वो अपने साधन दूसरों जी सेवा में लगायें। संजय जी बधाई के पात्र हैं। https://t.co/liSRP9T92v
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) June 3, 2020
कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए लागू किए गए लॉकडाउन के बाद से घर लौटने वाले प्रवासी मजदूरों का सड़कों पर हुजूम उमड़ पड़ा, लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संकट की घड़ी में कई लोग फरिश्ता बनकर सामने आए है, इनमें एक नाम बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सोनू सूद का भी शामिल है। मुंबई में काम के चलते रहने वाले प्रवासी मजदूरों के लिए अभिनेता सोनू सूद मसीहा बनकर सामने आए है। सिर्फ प्रवासी मजदूर ही नहीं बल्कि मुंबई में रहने वाले छात्रों के लिए भी सोनू सूद किसी फरिश्ते से कम साबित नहीं हुए।
इतना ही नहीं, उन्होंने मजदूरों के खाने-पीने का भी बखूबी इंतजाम किया। वह मुंबई से प्रवासियों को बस के माध्यम से घर पहुंचाने में लगातार मदद कर रहे हैं। इसके साथ ही वह अपने ट्विटर हैंडल से जरूरतमंद लोगों को लगातार रिप्लाई भी कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स समेत कई लोग इस सराहनीय कार्य के लिए सोनू सूद की जमकर तारीफ कर रहे हैं।