आम आदमी पार्टी के पांच नेताओं के विदेश दौरों का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग को लेकर चार दिनों से अनशन कर रहे दिल्ली के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ बुराड़ी से आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा शनिवार (13 मई) से अनशन पर जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही संजीव झा और उनके समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
संजीव झा पहले राजघाट पहुंचे और फिर वहां से कपिल मिश्रा के आवास की ओर रवाना हुए, पुलिस ने उन्हें कपिल मिश्रा से मिलने के पहले ही हिरासत में ले लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने संजीव झा को कपिल मिश्रा के घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर ही बैरिकेट लगाकर रोक दिया था। संजीव झा ने राजघाट पर अनशन के लिए लिखित में इजाजत नहीं ली थी।
पुलिस ने जब उन्हें अनशन करने से रोका तो वो अड़ गए जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद भी संजीव झा ने कहा है कि कपिल मिश्रा के खिलाफ वो अपना अनशन जारी रखेंगे। इससे ठीक एक दिन पहले उन्होंने ट्विटर पर कपिल मिश्रा के खिलाफ अनशन करने का ऐलान किया था।



















