लोकसभा चुनाव के छठे चरण में राजधानी दिल्ली समेत सात राज्यों की 59 सीटों पर रविवार (12 मई) सुबह सात बजे से मतदान जारी है। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की 10, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश और बिहार की आठ-आठ, दिल्ली की सात और झारखंड की चार सीटों पर मतदान हो रहा है। सात राज्यों के 10.17 करोड़ से अधिक मतदाता इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) का बटन दबाकर 979 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

इस बीच आम आदमी पार्टी (आप) के दक्षिण दिल्ली से उम्मीदवार राघव चड्ढा ने संगम विहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाया। चड्ढा का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता स्याही हटाने के बाद बार-बार वोटिंग कर रहे हैं। हालांकि इसे लेकर अभी तक भाजपा या पुलिस की ओर से कोई भी प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई हैं।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा कार्यकर्ता संगम विहार में एक मतदान केंद्र में घूम रहे हैं। एक व्यक्ति ने यहां चार बार मतदान किया। हमने ऐसे 8-10 लोगों की पहचान की और एक को रंगे हाथों भी पकड़ा।’ उन्होंने दावा किया कि चुनाव जीतने के लिए ऐसी रणनीति का इस्तेमाल उनके भाजपा प्रतिद्वंद्वी रमेश बिधूड़ी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिधूड़ी बुरी तरह से हार रहे हैं, इसलिए इस तरह की रणनीति अपना रहे हैं।
.@raghav_chadha briefing the media about large scale bogus voting at a school in Tughlakabad. pic.twitter.com/asZLbPrHA7
— AAP (@AamAadmiParty) May 12, 2019
दिल्ली में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी, सीएम अरविंद केजरीवाल, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज समेत अन्य हस्तियों ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राजधानी में 1.43 करोड़ मतदाता हैं जिनसे से 78,73,022 पुरुष और 64,42,762 महिलाएं एवं 669 तृतीय लिंगी (थर्ड जेंडर) शामिल हैं।
दिल्ली में 18-19 साल के 2,54,723 मतदाता हैं। 40,532 दिव्यांग मतदाता हैं जिन्हें घर से मतदान केंद्र लाने और फिर घर तक छोड़ने की सुविधा मिलेगी। ये मतदाता 164 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें 18 महिलाएं शामिल हैं। सात लोकसभा क्षेत्रों में 13,819 मतदान केंद्र बनाएं गए हैं। 70 में से हरेक विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। इसमें से 17 मतदान केंद्रों पर सिर्फ महिला कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
राजधानी में त्रिकोणीय मुकाबला
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सात सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। इस चुनाव में कांग्रेस अपनी खोई जमीन वापस हासिल करने की कोशिश में लगी हुई है। पार्टी 2014 के आम चुनाव में तीसरे नंबर पर रही थी। चुनाव प्रचार के दौरान फिल्मी सितारों ने जमीन पर उतरकर कांग्रेस, भाजपा और ‘आप’ के लिए वोट मांगे। दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर 164 प्रत्याशी अपनी किस्मत अजमा रहे हैं, जिनमें 18 महिलाएं हैं।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली (दिल्ली) से प्रमुख उम्मीदवार मनोज तिवारी (भाजपा), शीला दीक्षित (कांग्रेस), दिलीप पांडे (आप) हैं। चांदनी चौक (दिल्ली) से प्रमुख उम्मीदवार हषर्वर्धन (भाजपा), जय प्रकाश अग्रवाल (कांग्रेस), पंकज गुप्ता (आप) हैं। पूर्वी दिल्ली (दिल्ली) से मुख्य उम्मीदवार गौतम गंभीर (भाजपा), आतिशी (आप), अरविंदर सिंह लवली (कांग्रेस) हैं। दक्षिण दिल्ली (दिल्ली) से प्रमुख उम्मीदवार: रमेश बिधूड़ी (भाजपा), विजेंद्र सिंह (कांग्रेस), राघव चड्ढा (आप) हैं।