दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में लोकायुक्त के पद के लिए तीन सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के नाम प्रस्तावित कर दिए हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) के एक अधिकारी ने बताया, “सरकार ने ओडिशा उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश बिलाल नजकी, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जसबीर सिंह और दिल्ली उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश रेवा खेत्रपाल के नाम प्रस्तावित किए हैं।”
अधिकारी ने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने इस मुद्दे पर 20 अक्टूबर को एक बैठक बुलाई है जिसमें दिल्ली उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी. रोहिणी, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंदर गुप्ताशामिल होंगे।
अधिकारी ने यह भी बताया कि अरविन्द केजरीवाल ने जंग को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें नाम तय करने के लिए एक बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। नवंबर 2013 से लोकायुक्त का पद खाली है। दिल्ली सरकार लोकायुक्त की नियुक्ति में विलंब करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के निशाने पर रही है।
अधिकारी ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश या नेता प्रतिपक्ष लोकायुक्त पद के लिए और भी किसी अन्य के नाम का सुझाव दे सकते हैं।