पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, अपनी नई पार्टी के नाम का किया ऐलान

0

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। सिंह ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। इसके साथ ही अमरिंदर सिंह ने अपनी नई पार्टी के नाम की भी घोषणा कर दी है। उनकी पार्टी का नाम ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ है।

अमरिंदर सिंह
फाइल फोटो

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को 7 पेज का इस्तीफा भेजा है। कैप्टन अमरिंदर ने अपने इस्तीफे में कांग्रेस आलाकमान की ओर से नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले पर चिंता व्यक्त की है और सोनिया गांधी को लिखा है कि एक दिन कांग्रेस आलाकमान को अपने इस फैसले पर पछताना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने सिद्धू पर निशाना भी साधा है।

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अपनी नई पार्टी के नाम का भी ऐलान कर दिया है। उनकी नई पार्टी का नाम ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ है।

बता दें कि, मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन पहले ही कह चुके थे कि वह कांग्रेस छोड़ देंगे। इसके साथ ही कैप्टन ने हाल ही में अपनी पार्टी के गठन का ऐलान किया था। उन्होंने यह संकेत भी दिया था कि पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के साथ-साथ अकाली से अलग हुए समान विचार वाले गुटों से गठबंधन करेंगे। हालांकि, अमरिंदर ने कहा था कि भाजपा से गठबंधन कृषि कानूनों के मुद्दे के संतोषजनक समाधान पर निर्भर करेगा।

गौरतलब है कि, अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के साथ लंबे मतभेद और प्रदेश कांग्रेस में अंदरुनी लड़ाई के बाद अमरिंदर ने पंजाब के मुख्यमंत्री पद से पिछले महीने इस्तीफा दे दिया था। पार्टी ने उनके स्थान पर चरणजीत सिंह चन्नी को नया मुख्यमंत्री बनाया है।

Previous articleपश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव: ममता बनर्जी का जलवा बरकरार, चारों विधानसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने दर्ज की जीत; सीएम ने ट्वीट कर दी बधाई
Next article“What can be more shameful?”: DWC chief Swati Maliwal wants Delhi Police to arrest man, who threatened to rape Virat Kohli’s 9-month-old daughter