हरियाणा में झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में टिकरी बॉर्डर के पास तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर तीन महिला किसान प्रदर्शनकारियों की मौत पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। टीकरी सीमा पर विरोध स्थल के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर पंजाब की तीन महिला किसानों की मौत हो गई। यह महिलाएं पंजाब के लिए ट्रेन में सवार होने के लिए रेलवे स्टेशन जाने के लिए परिवहन के लिए सड़क पर इंतजार कर रही थी।

महिला किसान प्रदर्शनकारियों की मौत पर दुख जताते हुए राहुल गांधी ने गुरुवार (28 अक्टूबर) को अपने ट्वीट में लिखा, “भारत माता- देश की अन्नदाता- को कुचला गया है। ये क्रूरता और नफरत हमारे देश को खोखला कर रही है। मेरी शोक संवेदनाएं।”
भारत माता- देश की अन्नदाता- को कुचला गया है। ये क्रूरता और नफ़रत हमारे देश को खोखला कर रही है।
मेरी शोक संवेदनाएँ।#FarmersProtest pic.twitter.com/hgvfMviEfi
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 28, 2021
गौरतलब है कि, टिकरी बॉर्डर के पास गुरुवार सुबह भीषण हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार एक ट्रक ने 6 महिला किसान प्रदर्शनकारियों को कुचल दिया। इससे तीन बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई। दो की मौके पर ही मौत हो गई और एक महिला ने अस्पताल जाकर दम तोड़ा। वहीं, तीन की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौ के पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला किसान प्रदर्शनकारी बहादुरगढ़ स्थित झज्जर रोड पर डिवाइडर पर बैठी थीं। इस दौरान बेकाबू ट्रक आया और महिला आंदोलनकारियों को रौंद डाला। बताया जा रहा है कि जिन महिलाओं को ट्रक ने कुचला वे किसान आंदोलन में शामिल थीं और सभी पंजाब के मानसा जिले की रहने वाली थीं। किसान रोटेशन के तहत आंदोलनकारी महिला किसान घर वापस जा रही थीं। उन्हें ऑटो में बैठकर रेलवे स्टेशन तक जाना था।
बता दें कि, दिल्ली के बॉर्डर पर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य जगहों के किसान केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर करीब 11 महीने से धरने पर बैठे हुए हैं।