उत्तराखंड: चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, परिवहन मंत्री यशपाल आर्य अपने विधायक बेटे संजीव आर्य के साथ कांग्रेस में हुए शामिल

0

उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। राज्य के परिवहन मंत्री यशपाल आर्य और उनके विधायक बेटे संजीव आर्य सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हो गए। उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरिश रावत की मौजूदगी में दोनों नेता कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

उत्तराखंड

दिल्ली में कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव की उपस्थिति में प्रेस वार्ता में यशपाल और संजीव आर्य ने वापसी की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी मौजूद रहे।

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि, ”उन्होंने (यशपाल) उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है।

कांग्रेस में शामिल होने से पहले दोनों नेताओं ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। राहुल गांधी ने दोनों नेताओं का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया है। यशपाल आर्य बाजपुर और उनके बेटे संजीव आर्य नैनीताल सीट से विधायक हैं।

 

गौरतलब है कि, यशपाल और संजीव आर्य ने 2017 में कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा था। भाजपा ने तब दोनों को प्रत्याशी भी बनाया था। दोनों ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद भाजपा सरकार ने यशपाल आर्य को कैबिनेट मंत्री बनाया। यशपाल पूर्व में उत्तराखंड विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे हैं।

Previous articleमशहूर टेनिस खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा ने अमित शाह के बयान पर कसा तंज, केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा था नरेंद्र मोदी डिक्टेटर नहीं
Next articleआलोचनाओं के बाद अमिताभ बच्चन ने पान मसाला के विज्ञापन से खुद को किया अलग, कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर पैसे भी लौटाए