उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, यूपी पंचायत चुनाव के दौरान लखीमपुर खीरी जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के कथित दुर्व्यवहार की शिकार हुई समाजवादी पार्टी से ब्लॉक प्रमुख पद की उम्मीदवार रितु सिंह शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हो गईं।
बता दें कि, प्रियंका ने जुलाई के चार दिन के दौरे में लखीमपुर खीरी पहुंची थीं और यहां पर उन्होंने रितु सिंह से भेंट की थी। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा था की जिस तरह का लोकतंत्र होना चाहिए उससे हालात बिल्कुल विपरीत हैं। वाड्रा ने कहा कि महिलाओं की साड़ी खींची गई उनके कपड़े फाड़े गए छोटा बच्चा था उस पर भी दबंगों को तरस नहीं आया किसी ने इस अत्याचार को रोका नहीं सीओ ने बचाने की कोशिश की तो उस पर ही कार्रवाई कर दी गई। प्रशासन मौन खड़ा रहा। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कि नामांकन पत्र भरना और चुनाव लड़ा उनका संवैधानिक हक था। यह अधिकार उनसे छीना गया है। मैं मांग करती हूं कि चुनाव रद्द हो और यहां दोबारा से चुनाव हो।
लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में शुक्रवार से मैराथन बैठक कर रहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से भेंट की। इस दौरान उन्होंने सभी से साफ कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। इसको देखते हुए सभी कार्यकर्ता 24 घंटे पार्टी के काम को करें। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन पार्टी के लिए ही नहीं देश निर्माण के लिए जरूरी है।
गौरतलब है कि, जुलाई में प्रियंका गांधी अपने उत्तर प्रदेश दौरे के बीच रितु सिंह समेत सपा की दो महिला कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए लखीमपुर खीरी गईं थी जिनके साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था। अंशु अवस्थी के मुताबिक, रितु सिंह ने कहा कि केवल कांग्रेस और प्रियंका आम लोगों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ लड़ सकती हैं। रितु ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश को प्रियंका गांधी जैसी नेता की जरुरत है इसलिए उनमें विश्वास व्यक्त करते हुए वह कांग्रेस में शामिल हो रही हैं।
आरोप लगा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंचायत चुनाव के नामांकन के दौरान रितु सिंह और उनकी प्रस्तावक अनीता की साड़ियां खींची थीं जिसकी व्यापक आलोचना हुई थी। इस घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। (इंपुट: IANS और भाषा के साथ)