बिहार: सीएम नीतीश कुमार के जनता दरबार में पहुंची महिला ने JDU विधायक पर लगाया पति की हत्या का आरोप, बोलीं- पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई

0

बिहार की राजधानी पटना में आयोजित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार में पहुंची एक महिला ने उन्हीं की पार्टी के विधायक रिंकू सिंह पर अपने पति की हत्या का आरोप लगा दिया। इसके साथ ही पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। शिकायत के बाद मुख्यमंत्री ने महिला को डीजीपी के पास भेज दिया। सीएम को सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि रिंकू सिंह ने इसी साल फरवरी में ही उनके पति की हत्या करवाई थी।

बिहार

दरअसल, वाल्मीकि नगर की एक महिला ने सोमवार को जदयू विधायक रिंकू सिंह के खिलाफ पुलिस की निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता कुमुद वर्मा ने आरोप लगाया है कि वाल्मीकि नगर के जदयू विधायक इस साल फरवरी में हुई उनके पति दयानंद वर्मा की हत्या में शामिल हैं, लेकिन बिहार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया है।

शिकायत के बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत उन्हें डीजीपी एस. के. सिंघल के पास भेज दिया। नीतीश कुमार ने कहा, कृपया उन्हें डीजीपी के पास ले जाएं। वह मामले को देखेंगे।

वाल्मीकि नगर विधायक रिंकू सिंह और उनके दो सहयोगी बबलू कुमार और शकील पूर्व जिला पार्षद दयानंद वर्मा की हत्या के आरोप का सामना कर रहे हैं। मृतक की पत्नी कुमुद वर्मा की लिखित शिकायत पर नौरंगिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दयानंद वर्मा की 14 फरवरी को उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह बाघा शहर के सिरिसिया चौक पर समर्थकों से बातचीत कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार दो हमलावर वहां आए और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। वर्मा को चार गोलियां लगीं और उप-मंडल अस्पताल, बाघा में उन्होंने दम तोड़ दिया।

दयानंद वर्मा राजनेता होने के साथ-साथ बाघा और आसपास के जिलों में ठेकेदारी भी करते थे। उनकी हत्या के पीछे किसी भी प्रकार का कोई विवाद हो सकता है। तभी से रिंकू सिंह और उसके दो सहयोगी फरार हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सितंबर महीने के पहले सोमवार को गृह विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग, निगरानी, खान भूतत्व और सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़ी शिकायतों को सुन रहे हैं। सबसे अधिक मामले भूमि और पुलिस के आ रहे हैं। (इंपुट: IANS के साथ)

Previous articleSBI Clerk Admit card 2021 Released: SBI ने जारी किया क्लर्क कैडर का एडमिट कार्ड, sbi.co.in पर जाकर ऐसे करें डाउनलोड
Next article“हमारी निजता का सम्मान करें”: दिवंगत अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला के परिवार ने जारी की अपील, मुंबई पुलिस को दिया धन्यवाद