उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासी घमासान मचा हुआ है। लगभग सभी राजनीतिक पार्टियां बैनर-पोस्टर के जरिए मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहीं। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस को मुख्यधारा में लाने के प्रयास में लगीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को समाजवादी पार्टी की उस महिला उम्मीदवार से भेंट करने पहुंचीं, जिनके साथ ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान अभद्रता की गई थी। इस दौरान उन्होंने यहां पर दोबारा चुनाव कराने की मांग उठाई है।
तीन दिन के यूपी प्रवास के दूसरे दिन कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी पहुंची। यहां के पसगांवा में ब्लाक प्रमुख के चुनाव के दौरान नामांकन में महिलाओं से बदसलूकी हुई थी। चुनाव में हिंसा, उत्पीड़न का शिकार हुई रीतू सिंह एवं अनीता यादव से मुलाकात कर उनका दर्द जाना। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि उनको दिख रहा है कि अत्याचार हो रहा है, उनको दिख रहा है कि महिलओं से अभद्रता हुई है, उनको दिख रहा है कि चुनावों में धांधली हुई है। ऐसे स्थानों के चुनाव रद्द कर पुन: चुनाव कराए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि हम लोकतंत्र के लिए, न्याय के लिए, महिलाओं से अभद्रता के खिलाफ लड़ रहे हैं। भाजपा सरकार महिला अपराध का पर्याय बन चुकी है, प्रदेश की महिलाएं आने वाले समय में महिला विरोधी सरकार को करारा जवाब देंगी।
प्रियंका ने कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, “लोकतंत्र का चीरहरण करने वाले भाजपा के गुंडे कान खोलकर सुन लें, महिलाएँ प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री बनेंगी और उनपर अत्याचार करने वालों को शह देने वाली सरकार को शिकस्त देंगी।”
उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा, “पंचायत चुनाव में भाजपा द्वारा की गयी हिंसा की शिकार अपनी सभी बहनों, नागरिकों के न्याय के लिए मैं राज्य चुनाव आयोग को पत्र लिखूँगी।”
.. पंचायत चुनाव में भाजपा द्वारा की गयी हिंसा की शिकार अपनी सभी बहनों, नागरिकों के न्याय के लिए मैं राज्य चुनाव आयोग को पत्र लिखूँगी। 2/2
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 17, 2021
इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा के आगमन पर यहां के मैगलगंज बॉर्डर पर अपर पुलिस अधीक्षक भी फोर्स के साथ मुस्तैद रहे। जिससे कि उनके आगमन के दौरान किसी भी प्रकार की को अप्रिय घटना न हो। यहां रास्ते में मैगलगंज से चार किलोमीटर पहले ही हाइवे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाए।
बता दें कि, अनीता सिंह, सपा प्रत्याशी रितु सिंह की प्रस्तावक थीं। 8 जुलाई को ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन के दौरान अनिता सिंह से बदसलूकी हुई थी। उनकी साड़ी खींचने का वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर करारा हमला किया था। इसके बाद मामले में दोनों आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जबकि पसगंवा थाने के सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया था। इसमें क्षेत्र के सीओ, एसएचओ, एक इंस्पेक्टर और तीन पुलिस सब इंस्पेक्टर शामिल थे। (इंपुट: IANS के साथ)