मोदी कैबिनेट के विस्तार से पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, श्रम मंत्री संतोष गंगवार समेत कई मंत्रियों ने पद से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि, केंद्रीय मंत्रिमंडल में आज शाम को विस्तार किया जाएगा।
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री डी वी सदानंदा गौड़ा ने भी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोत्रे, राव साहब दानवे, रतन लाल कटारिया, प्रताप सारंगी और देव श्री बैनर्जी ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। ख़बरों के मुताबिक, संभावना जताई जा रही है कि शाम तक कुछ और मंत्री भी इस्तीफा दे सकते हैं।
गौरतलब है कि, मोदी मंत्रिमंडल में विस्तार करीब 2 साल बाद हो रहा है और 40 से ज्यादा नए मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। वहीं, कुछ मंत्रियों के काम से असंतुष्ट प्रधानमंत्री मोदी उन्हें हटा भी सकते हैं। इसी कारण मंत्रिमंडल में शामिल कुछ सदस्यों से इस्तीफे भी मांगे जा रहे हैं।
शाम 6 बजे केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होना है, जिसमें कई बड़े बदलावों की उम्मीद की जा रही है। ख़बरों के मुताबिक नए बदलाव के बाद ये सबसे युवा मंत्रिमंडल हो सकता है। भाजपा नेता सर्बानंद सोनोवाल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुशील मोदी और नारायण राणे के मोदी के मंत्रियों की लिस्ट में शामिल होने की संभावना है।