हमेशा अपने विवादित बयानों को लेकर मीडिया की सुर्खियों में रहने वाली मध्य प्रदेश के भोपाल लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का बास्केट बॉल खेलते सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर कांग्रेस ने तंज कसा है। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि अभी तक प्रज्ञा सिंह को व्हीलचेयर पर ही देखा था लेकिन उन्हें स्टेडियम में बास्केटबॉल के साथ खेलते हुए देखा तो बड़ी खुशी हुई।
दरअसल, प्रज्ञा सिंह ठाकुर गुरुवार को शक्ति नगर के बास्केटबॉल ग्राउंड पर पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। ग्राउंड पर खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करता देख प्रज्ञा उनके बीच पहुंच गई और खुद भी खेलने लगीं। लोगों के लिए साध्वी को बास्केटबॉल खेलता देखना आश्चर्यचकित करने योग्य इसलिए था क्योंकि अब तक साध्वी को व्हील चेयर पर ही अमूमन देखा गया है। उनके बास्केटबॉल खेलने का वीडियो वायरल होने पर कांग्रेस ने तंज कसा है।
कांग्रेस नेता और प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने प्रज्ञा ठाकुर का बास्केट बॉल खेलते वीडियो शेयर करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, “भोपाल की भाजपा सांसद साध्वी ठाकुर को अभी तक व्हील चेयर पर ही देखा था लेकिन आज उन्हें भोपाल में स्टेडीयम में बास्केट बॉल पर हाथ आज़माते देखा तो बड़ी ख़ुशी हुई। अभी तक यही पता था कि किसी चोट के कारण वो ठीक से खड़ी और चल फिर भी नही सकती है? ईश्वर उन्हें हमेशा स्वस्थ रखे।”
भोपाल की भाजपा सांसद साध्वी ठाकुर को अभी तक व्हील चेयर पर ही देखा था लेकिन आज उन्हें भोपाल में स्टेडीयम में बास्केट बॉल पर हाथ आज़माते देखा तो बड़ी ख़ुशी हुई…
अभी तक यही पता था कि किसी चोट के कारण वो ठीक से खड़ी और चल फिर भी नही सकती है…?
ईश्वर उन्हें हमेशा स्वस्थ रखे.. pic.twitter.com/UQrmsXkime
— Narendra Saluja (@NarendraSaluja) July 1, 2021
प्रज्ञा ठाकुर का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, उनके इस वीडियो पर यूजर्स भी जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे है। एक यूजर ने लिखा, “साध्वी जी का इलाज करने वाला #doctor अगर कोरोना मरीज़ों का भी इलाज कर देता तो शायद देश में कोरोना से एक भी मौत नहीं होती। मोदी सरकार ने इतने काबिल doctor को अबतक कहां छुपा रखा था..??”
वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, “साध्वी को स्वास्थ्य मुबारक हो… व्हीलचेयर पर घूमने वाली हमारी सांसद प्रज्ञा ठाकुर आज बास्केटबॉल खेलती नजर आईं।” बता दें कि, इसी तरह तमाम यूजर्स इस वायरल वीडियो पर अपनी प्रतिक्रियाए दे रहे है।