हिमाचल: BJP विधायक नरेंद्र बरागटा का निधन, कोरोना से ठीक होने के बाद बिगड़ी थी तबीयत

0

हिमाचल प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक और दो बार के पूर्व मंत्री रहे नरेंद्र बरागटा का शनिवार को चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में कोरोना वायरस (कोविड-19) के बाद की जटिलताओं की वजह से निधन हो गया। तीन बार विधायक रहे बरागटा एक प्रमुख सेब उत्पादक, वर्तमान में कैबिनेट मंत्री के रैंक के साथ विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक थे। वह 69 वर्ष के थे। उनके बेटे चेतन सिंह ब्रागटा ने इसकी पुष्टि की।

नरेंद्र बरागटा
फाइल फोटो

चेतन सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा, “मेरे पिता व हम सभी के प्रिय भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार में मुख्य सचेतक श्री नरेन्द्र बरागटा जी स्वास्थ्य से सम्बंधित लम्बे संघर्ष के बाद अपने जीवन की अंतिम लड़ाई हार गए। मेरे परिवार के सदस्यों समान समस्त समर्थकों, कार्यकर्ताओं को बड़े दुःखी मन के साथ यह खबर दे रहा हूँ कि श्री नरेन्द्र बरागटा जी अब हमारे मध्य नही रहे।”

सिंह ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, कोविड-19 के चलते तमाम शुभचिंतकों, समर्थकों व कार्यकर्ताओं से निवेदन रहेगा कि धैर्य व सयंम बनाएं रखें। भावभीनी एवं अश्रुपूर्ण यह पल हमारे जीवन के सबसे दुःखदायी क्षण आप सभी के साथ साँझा कर रहा हूँ।”

शुक्रवार को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए अस्पताल का दौरा किया था। विधायक 13 अप्रैल को वायरस से संक्रमित होने के बाद पिछले 15 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। बरागटा 1998-2002 तक बागवानी राज्य मंत्री और 2007 से 2012 तक बागवानी, तकनीकी शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री रहे। उन्हें दिसंबर 2017 में शिमला जिले के जुब्बल-कोटखाई से फिर से चुना गया था।

बरागटा ने 2010 में शिमला जिले में सेब उगाने वाले क्षेत्रों में 3.29 करोड़ रुपये की केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित परियोजना के तहत ओलावृष्टि से फसल को बचाने के लिए एंटी-हेल गन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। मुख्यमंत्री ने उन्हें लोकप्रिय नेता बताया और उनके परिवार के सदस्यों से बात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

Previous articleट्विटर ने भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के निजी ट्विटर हैंडल से ब्लू टिक हटाया
Next articleफेसबुक और इंस्टाग्राम ने कोरोना वैक्सीन से मौत के दावों से जुड़ा PIB का फैक्ट चेक पोस्ट को हटाया; सरकार की दखल के बाद बहाल किया