बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म निर्माता व निर्देशक अनुराग कश्यप की कथित तौर पर पिछले हफ्ते एंजियोप्लास्टी हुई है। बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने एंजियोग्राफी में हार्ट में ब्लॉकेज को इसका कारण बताया, जिसके बाद उनकी सर्जरी हुई है। अनुराग कश्यप की तबीयत फिलहाल ठीक है और वह घर पर ही आराम कर रहे हैं।

48 वर्षीय अनुराग कश्यप के प्रवक्ता ने एंजियोप्लास्टी की खबर की पुष्टि की है। प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई में ही अनुराग कश्यप की सर्जरी हुई है, जिसके बाद उनकी तबीयत में काफी सुधार है। डॉक्टर ने उन्हें फिलहाल एक हफ्ते आराम करने की सलाह दी है। अनुराग ने फिल्म ‘दोबारा’ की शूटिंग पूरी कर ली है और वह घर पर ही पोस्ट प्रोडक्शन का काम कर रहे थे।
‘मिड डे’ की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते वीकेंड में अनुराग कश्यप को सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद वह चेकअप के लिए डॉक्टर के पास पहुंचे। एंजियोग्राफी के बाद डॉक्टर ने बताया कि उनके हार्ट में कई ब्लॉकेज हैं और इसलिए तत्काल सर्जरी करनी होगी। अनुराग कश्यप को अस्पताल में भर्ती किया गया और उनकी सर्जरी हुई। डॉक्टर का कहना है कि एक-दो हफ्ते के आराम के बाद वह वापस काम पर लौट सकते हैं।
बता दें कि, अनुराग मार्च से इंस्टाग्राम से गायब हैं, आखिरी पोस्ट उन्होंने तापसी पन्नू के साथ शेयर की थी। अभी कुछ दिन पहले ही अनुराग कश्यप ने ट्विटर पर जानकारी दी थी कि उनकी पूर्व पत्नी आरती की मां कृष्णा बजाज का निधन हो गया है। अनुराग ने अपने पोस्ट में उन तमाम लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस मुश्किल दौर में आरती का साथ दिया।