पश्चिम बंगाल में नतीजों के बाद हुई हिंसा के लिए BJP ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना, आज कोलकाता जाएंगे जेपी नड्डा; पार्टी कल देशभर में देगी धरना

0

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद राज्य में उसके नौ से अधिक कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई। पार्टी ने इस हिंसा के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा तथा उनके समर्थकों व सदस्यों को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने का निर्णय लिया है। वह चार और पांच मई को दो दिनों तक बंगाल में रहकर हिंसा के शिकार परिवारों से मिलेंगे और संवेदना व्यक्त करेंगे। भाजपा ने बंगाल में राजनीतिक हिंसा के खिलाफ 5 मई को देशव्यापी धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।

पश्चिम बंगाल
फोटो: ANI

भाजपा महासचिव व पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ममता जी की जीत के बाद उनके कार्यकर्ता जश्न मना रहे है और भाजपा कार्यकर्ताओं के घर तोड़ रहे है। अब तक 9 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है।’’ भाजपा नेता ने इस ट्वीट के साथ हिंसा की घटनाओं से संबंधित एक वीडियो भी साझा किया।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी पश्चिम बंगाल सरकार से विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के लिए हिंसा की घटनाओं पर रिपोर्ट मांगी है। ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में शानदार सफलता दर्ज की।

भाजपा महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने ट्वीट किया, ‘‘ममता बनर्जी सुन लीजिए। राज्य के लोगों ने आपको जनादेश दिया और उनकी रक्षा करना आपका कर्तव्य है। लेकिन आप कभी ममता रखने वाली मुख्यमंत्री नहीं रहीं। इस बार हम अपने 18 सांसदों और 77 विधायकों के साथ आपका जोरदार मुकाबला करेंगे।’’

हिंसा पर आज से दो दिवसीय दौरे पर जेपी नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने बताया कि बंगाल में तृणमूल सरकार के संरक्षण में चल रही हिंसा के तांडव के मद्देनजर हालात का जायजा लेने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को 4 मई को दो दिवसीय दौरे पर बंगाल में रहेंगे, जहां वे हिंसा प्रभावित कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे।

उल्लेखनीय है कि, चुनावी नतीजे आने के बीच ही रविवार को राज्य के कई हिस्सों से हिंसा की घटनाएं सामने आने लगी थीं। इसके मद्देनजर ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से राज्य में शांति बनाए रखने की अपील की थी।

भाजपा के मुताबिक, ममता बनर्जी की तृणमूल सरकार के शासन में अब तक 140 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। बावजूद इसके राज्य प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। चुनाव परिणाम के 24 घंटे के अंदर भाजपा के कई कार्यकर्ताओं की नृशंस हत्या की खबर है। (इंपुट: आईएएनएस और भाषा के साथ)

Previous articleपश्चिम बंगाल में हुई हिंसा पर कंगना रनौत के बिगड़े बोल, बोलीं- ‘मोदी जी इन ‘राक्षसों’ को अपना विराट रूप दिखाइए’; लोगों ने BJP समर्थक अभिनेत्री के खिलाफ की कार्रवाई की मांग
Next articleकोरोना की दूसरी लहर ने भी देश में छीनीं लाखों नौकरियां, अप्रैल में 75 लाख से अधिक लोगों को नौकरियों से हाथ धोना पड़ा