UP Panchayat Election 2021: उन्नाव रेप केस के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित किए जाने के करीब डेढ़ साल बाद पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर को भाजपा ने आगामी पंचायत चुनावों के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। संगीता फतेहपुर चौरासी से उन्नाव जिला पंचायत का चुनाव लड़ेंगी। इससे पहले उन्होंने 2016 में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीता था।

समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी सूत्रों ने बताया है कि उनकी उम्मीदवारी को प्रदेश के भाजपा प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह और महासचिव (संगठन) सुनील बंसल ने मंजूरी दी है। इसके पीछे वजह अप्रैल 2018 में कुलदीप सेंगर की गिरफ्तारी के बाद उनके परिवार को इलाके में मिली सहानुभूति है। यहां के कई लोगों का मानना है कि वह निर्दोष हैं और उन्हें राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों द्वारा फंसाया गया है। लोगों की इन्हीं भावनाओं को ध्यान में रखते हुए संगीता सेंगर को भाजपा ने मैदान में उतारा है।
बता दें कि, दुष्कर्म के आरोप में उम्रकैद की सजा पा चुके कुलदीप सेंगर की पिछले साल फरवरी में उत्तर प्रदेश विधान सभा की सदस्यता खत्म कर दी गई थी। अभी वह तिहाड़ जेल में बंद है।
बता दें कि, उन्नाव रेप केस का आरोपी कुलदीप सेंगर खुद भाजपा के टिकट से 4 बार बांगरमऊ से विधायक चुने गया है। लेकिन साल 2017 में उन्नाव रेप केस में कुल्दीप सेंगर की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने उसे 2019 में बाहर का रास्ता दिखा दिया था और इसके बाद उनकी विधानसभा की सदस्यता भी समाप्त कर दी गई थी।
पिछले साल कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर को रेप और अपहरण के मामले में दोषी करार देते हुए उन्हें उम्र क़ैद की सज़ा सुनाई थी। वहीं पीड़िता के पिता की पुलिस कस्टडी में हुई मौत के मामले में भी सेंगर समेत सभी दोषियों को कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई थी। कोर्ट ने कहा था कि दोषी अपनी स्वाभाविक उम्र की आखिरी सांस तक जेल में रहेगा।
उत्तर प्रदेश में इसी महीने होने वाले पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। प्रदेश में पंचायत चुनाव चार चरणों में 15 से 29 अप्रैल के बीच होने हैं और परिणाम 2 मई को आएंगे।