उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करना एक पिता को महंगा पड़ गया। यहां जमानत पर छूटे बेटी से छेड़खानी के आरोपी ने पीड़िता के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना का जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। मृतक की पुत्री ने इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। वहीं, पुलिस ने इस मामाले में कार्रवाई करते हुए एक नामजद हत्यारोपी ललित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता द्वारा छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराने के बाद आरोपी गौरव शर्मा 2018 में एक महीने के लिए जेल गया था। उसे स्थानीय अदालत ने जमानत दे दी थी।
मृतक ने जुलाई 2018 को आरोपी गौरव शर्मा के खिलाफ घर में घुसकर उसकी बेटी के साथ छेड़खानी की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया था। हालांकि, आरोपी को एक महीने के भीतर ही जमानत मिल गई थी। तब से वह रंजिश मानता चला आ रहा है।
सोमवार को गांव में एक मंदिर के बाहर शाम साढ़े 4 बजे के आसपास आरोपी और पीड़िता के परिवार के बीच किसी बात को लेकर झड़प हो गई, इसके बाद आरोपी गुस्से में गया और अपने परिवार के कुछ दूसरे लड़कों को बुला लाया और पीड़िता के पिता पर गोली चला दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। सूचना पाकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हाथरस के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा, “जिस शख्स की मौत हुई है, उन्होंने गौरव शर्मा के खिलाफ जुलाई 2018 में छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया था। आरोपी जेल गया और एक महीने के बाद जमानत मिल गई। तब से दोनों परिवार एक-दूसरे के दुश्मन बन बैठे थे। मुख्य आरोपी की पत्नी और चाची एक गांव के मंदिर में प्रार्थना करने गई थीं जहां मृतक की दोनों बेटियां भी मौजूद थीं। महिलाओं के बीच बहस होने लगी। आरोपी गौरव शर्मा और दोनों के बीच बहस काफी बढ़ गई। इसके बाद गौरव ने गुस्से में आकर अपने परिवार के कुछ लड़कों को घटनास्थल पर बुलाया और पीड़िता के पिता को गोली मार दी।”
सोमवार को पीड़िता एक पुलिस स्टेशन के बाहर रोती और न्याय मांगती हुई दिखी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। पीड़िता वीडियो में कह रही है कि, ‘मुझे इंसाफ दो। पहले उसने मेरे साथ छेड़खानी की और अब मेरे पिता को गोली मार दिया। वो हमारे गांव आया था। उसके साथ छह-सात लोग थे। मेरे पिता की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। उसका नाम गौरव शर्मा है।’
घटना की रिपोर्ट मृतक की पुत्री ने थाने में दर्ज कराई जिसमें गौरव, रोहतास शर्मा, निखिल शर्मा, ललित शर्मा व दो अन्य को नामजद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्यवाई करते हुए एक नामजद हत्यारोपी ललित शर्मा पुत्र सन्तोष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पुलिस बाकी अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मामले पर संज्ञान लिया। सीएम ने अधिकारियों को मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।