कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद कार का शीशा साफ करती हुई नजर आई हैं। उनके इस वीडियो की कांग्रेस नेता समेत तमाम यूजर्स जमकर तारीफ कर रहे हैं। बता दें कि, कृषि कानूनों के खिलाफ 26 जनवरी को दिल्ली में हुई ट्रैक्टर परेड के दौरान उत्तर प्रदेश के रामपुर के रहने वाले किसान नवनीत सिंह की मौत हो गई थी। गुरुवार को प्रियंका गांधी मृत किसान के परिवार से मिलने के लिए रामपुर पहुंची।
रामपुर जा रही प्रियंका गांधी रास्ते में खुद ही अपने कार का शीशा साफ करती नज़र हैं। प्रियंका जैसे ही विंडस्क्रीन साफ करना शुरू करती हैं, वैसे ही उनके साथ जा रहे पार्टी के कई पदाधिकारी उनसे डस्टर हाथ में लेकर खुद शीशा साफ करने लगते हैं। फिर भी प्रियंका दूसरा डस्टर लेकर विंडस्क्रीन साफ करना जारी रखती हैं।
हालांकि, मांगने के बावजूद उन्होंने किसी को कपड़ा नहीं दिया। वे खुद ही शीशा साफ करती रहीं, इसके बाद कार में बैठ गईं। इस समय उनके साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई वरिष्ठ नेता भी थे। ऐसे में प्रियंका का यह वीडियो सामने आने के बाद कई लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।
बता दें कि, उत्तर प्रदेश के रामपुर जा रहीं प्रियंका गांधी के काफिले का ऐक्सिडेंट हो गया, जिसमें वह बाल-बाल बच गईं। काफिले की चार गाड़ियां आपस में भिड़ गई थीं। प्रियंका गांधी गढ़मुक्तेश्वर के रास्ते गजरौला होते हुए रामपुर जा रही हैं। इसी दौरान एक गाड़ी से धुंआ उठने के बाद ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आने वाली गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हालांकि, हादसे में किसी को चोट नहीं आई है। हादसा हापुड़ हाईवे पर गढ़मुक्तेश्वर के पास हुआ।