बिहार: BJP समर्थक अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ सिविल कोर्ट में शिकायत दर्ज, RLSP प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप

0

अपने बयानो को लेकर मीडिया की सुर्ख़ियों में रहने वाली भाजपा समर्थक बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ बिहार की एक कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को लेकर अभिनेत्री ने ट्विटर पर कमेंट किया था। उनकी इस टिप्पणी को लेकर आरएलएसपी नेता विनय कुशवाहा की ओर से गया सिविल कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है।

कंगना रनौत

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरएलएसपी नेता विनय कुशवाहा ने आरोप लगाया कि कंगना रनौत ने अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए आरएलएसपी मुखिया के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी को लेकर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। विनय कुशवाहा ने कहा कि आरएलएसपी अध्यक्ष राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं। अभिनेत्री ने अपने कमेंट से उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश की। ऐसी टिप्पणी चिंता का विषय है।

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, इस पूरे मामले में वकील शंभू प्रसाद ने कहा कि किसी भी नेता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना अपराध है। इसलिए, हमने अदालत से हमारी शिकायत पर संज्ञान लेने के लिए कहा है।

बता दें कि, अभिनेत्री कंगना रनौत ट्विटर पर बेहद सक्रिय रहती हैं। अक्सर वो अलग-अलग मुद्दों पर किए गए अपने विवादित ट्वीट को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। हाल के समय में कंगना रनौत ने किसान आंदोलन के विरोध में काफी ट्वीट किए थे। इस दौरान उन्होंने आंदोलन में शामिल बुजुर्ग महिला के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थीं। इसके बाद कंगना रनौत की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी।

Previous articleउत्तर प्रदेश: काफिले पर हमले के बाद नाराज BJP विधायक बृजभूषण राजपूत ने लौटाई अपनी सुरक्षा, पुलिस जांच पर उठाए सवाल
Next articleअवमानना मामला: कॉमेडियन कुणाल कामरा और कार्टूनिस्ट रचिता तनेजा को सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया कारण बताओ नोटिस